कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 18 नवंबर। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पुंगारपाल तरुण मैती के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने ग्राम कुदुर के साप्ताहिक बाजार में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में बाजार पहुंचे ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को विभिन्न अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई।
साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
पुलिस ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
यातायात जागरूकता के तहत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
नशामुक्ति और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी
कार्यक्रम में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता , भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के संबंध में जानकारी दी गई। नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर दी जानकारी
पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण और साइबर बुलिंग से बचाव के संबंध में जानकारी दी। किसी भी ऐसी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना, उनकी समस्याएं सुनना और अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला एवं बाल अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।
कोंडागांव पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।