कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से शुक्रवार को जिला मुख्यालय के ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित जिले के जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रमुख, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए काम हो रहे हैं। मोदी की गारंटी के तहत सरकार आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मंत्री देवांगन ने बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के साथ ही बस्तर में विकास के नए रास्ते खुलेंगे। बस्तर को भयमुक्त, समृद्ध, विकसित और सुंदर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके लिए सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी संगठन की मजबूती और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।