कोण्डागांव
महिला समूहों को मिली संचालन की जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 21 नवंबर। महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केशकाल में ‘मोर सुआद दीदी की रसोई’ कैंटीन की शुरुआत की गई है। विधायक नीलकंठ टेकाम ने शनिवार को नवनिर्मित कैंटीन का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस कैंटीन के संचालन की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी जाएगी। इससे बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के दम पर खानपान से जुड़ी गतिविधियों का संचालन कर सकेंगी और अपनी आजीविका को मजबूत बनाते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।
इस पहल से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका भी और मजबूत होगी। समूह की महिलाएं सामूहिक रूप से काम करते हुए अपनी आय बढ़ा सकेंगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। वहीं स्थानीय नागरिकों के साथ केशकाल से गुजरने वाले यात्रियों को भी एक ही स्थान पर बस्तर का स्वादिष्ट व्यंजन चीला रोटी, अरसा, मडिय़ा पेज, बड़ा, फरहा रोटी, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रशासन की इस पहल से स्थानीय महिलाओं को रोजगार से जोडऩे के साथ बस्तर के पारंपरिक खानपान, कला और संस्कृति को भी पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। केशकाल को व्यावसायिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम, सरपंच रूप सिंह कचलाम, लंबोदर सलाम, संतोष सिन्हा, विजय पोया, सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम दिलीप उइके, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, एनआरएलएम के डीएमएम विनय सिंह, डीपीएम दुर्योधन मेघ एवं कुंजलाल सिंहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बिहान समूह की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।