‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर कल्पना तिवारी ने जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर खुशबू वर्मा निर्वाचित हुईं। भाजपा अधिकृत दोनों विजेताओं ने अपने प्रतिद्वंदी को 10-4 के अंतर से हराया। निर्विचित अध्यक्ष कल्पना तिवारी ने अपने पति योगेश तिवारी व भाजपा नेताओं की उपस्थिति में प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के जीतने के बाद बाहर निकलते ही भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। निर्वाचन के दौरान सांसद विजय बघेल, विधायक दिपेश साहू, पर्यवेक्षक भरत वर्मा, जिला अध्यक्ष अजय साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जीत के बाद बाहर जमकर पटाखे फोड़े गए व मिठाई बांटी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचन के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार पीठासीन अधिकारी अंकिता गर्ग द्वारा दोपहर दो बजे से निर्वाचन के लिए प्रक्रिया प्रांरभ की गई। दोपहर 2.30 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से कल्पना तिवारी एवं कांग्रेस की ओर सें शशिप्रभा गायकवाड़ ने नामांकन दाखिल किया।
15 मिनट तक संविक्षा किए जाने के बाद प्रक्रिया पूर्ण कर दोपहर 3.10 बजे के बाद अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कल्पना तिवारी को 10 मत एवं शशिकला गायकवाड़ को 4 मत प्राप्त हुए। पीठासीन अधिकारी ने कल्पना तिवारी को निर्वाचित घोसित किया। मतदान में सभी 14 सदस्यों ने भाग लिया।
उपाध्यक्ष के लिए अलग-अलग नाम की चर्चा रही, अंत में खुशबू को मिली जीत
अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। पूर्व में हुए अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों का नाम लगभग तय था पर दावेदारों का नाम बार-बार बदलता रहा। हालत को देखते हुए बाहर में बैठे सांसद, विधायक एवं अन्य जिम्मेदारों ने अंदर जाने के बाद भाजपा के सभी सदस्यों के साथ चर्चा की, जिसके बाद सुरूजपुरा निवासी खुशबू वर्मा को भाजपा ने अधिकृत किया।
वहीं कांग्रेस की ओर से सुशीला जोशी ने दावेदारी की। मतगणना में खुशबू के पक्ष में 10 मत एवं सुशीला के पक्ष में 4 मत डाले गए। पीठासीन अधिकारी ने खुशबू को विजयी घोषित किया। बताना लाजमी होगा कि पहली बार अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पद पर महिला सदस्य निर्वाचित हुई हैं।
जिपं में डटे रहे सांसद, विधायक एवं पर्यवेक्षक
जिला पंचायत परिसर में बुधवार को दोनों पद के लिए होने वाले निर्वाचन के दौरान भारी संख्या में समर्थक पहुंचे थे। अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की घोषणा होते ही पटाखे फोड़े गए। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष कल्पना तिवारी के सदन में होने की वजह से उनके पति योगेश तिवारी को माला पहनाकर व गुलाल लगाकर बधाई दी गई। जीत पर तिवारी ने भाजपा की नीति की जीत व सभी की उम्मीद पर खरा उतरने की बात कही। सांसद विजय बघेल ने जीत को भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की लगन व मेहनत की जीत बताया। इस दौरान पूर्व विधयक अवधेश चंदेल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, शहर अध्यक्ष मोन्टी साहू, तानसेन पटेल, सुरेश पटेल, प्रणीश रजक, परमेश्वर वर्मा, विकास धरडे, धर्मेन्द्र साहू आदि मौजूद रहे।
अज्ञातवास से लौटे कई सदस्य कार्यालय पहुंचे, शत-प्रतिशत रही उपस्थिति
बुधवार को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन होने से पूर्व कई सदस्य अज्ञातवास पर चले गए थे। अज्ञातवास पर गए सदस्यों के लौटने के बाद कार्यालय में मतदान हुआ। इस दौरान अंजली गंधर्व, हरीश साहू, बालकुमारी ध्रुव, सुशीला जोशी, अंजू बघेल, मधुराय, देवी वर्मा, प्रीति पटेल, अनिल वर्मा, अंजनी कुमार चंदेल, राहुल योगराज टिकरिहा मौजूद रहीं। पीठासीन अधिकारी अंकिता गर्ग ने चुनाव कराया। डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर उपस्थित रहीं।
विजय रैली निकाली
जिला कार्यालय से बाहर निकलने पर विजय रैली निकालने के पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व भाजपा समर्थित सभी सदस्यों को समर्थकों ने हार पहनाए। फिर रैली निकाली गई, जिसमे बेमेतरा, साजा, बेरला एवं नवागढ़ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।