अवैध ईंट भ_े की शिकायत पड़ी भारी!
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 10 मार्च। जिले मुख्यालय के सरसींवा थाना क्षेत्र में अवैध ईंट भ_े के खिलाफ आवाज उठाना एक ग्रामीण के लिए भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज आरोपियों ने कथित तौर पर पिता-पुत्र पर रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीडि़त ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अब वह न्याय के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है।
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला के सरसीवां थाना अंतर्गत ग्राम गगोरी निवासी छप्पाल पटेल ने अपने आवेदन के माध्यम से बताया है कि गांव के ही गजपति जांगड़े पिता चेतराम जांगड़े, गजेन्द्र जांगड़े पिता चेतराम जांगड़े और चेतराम पिता पनिकराम जांगड़े द्वारा पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में अवैध लाल ईंट भ_ा और कोयले का कारोबार किया जा रहा है। और आरोप है कि यह भ_ा शासकीय और निजी भूमि पर संचालित किया जा रहा है, जिससे शासन की जमीन का भी दुरुपयोग हो रहा है।
पहले भी की गई थी शिकायत
पीडि़त के अनुसार इस अवैध गतिविधि की शिकायत उन्होंने 4 जून 2025 को तहसीलदार सरसींवा के समक्ष की थी।आवेदन देने के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीडि़त का कहना है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने खुलेआम अवैध कारोबार जारी रखा।
उन्होंने आगे बताया कि 15 जनवरी 2026 की शाम करीब 7.30 बजे छत्रपाल पटेल अपने पुत्र दिगंबर प्रसाद पटेल के साथ पैदल चलते घर लौट रहे थे। उसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया।
बताया गया है कि तीनों आरोपी एक ही मोटरसाइकिल में पहुंचे थे और उनके हाथ में डंडा था। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला कर दिया और कई बार डंडों से वार किए।
हमले में दिनकर प्रसाद पटेल के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि छप्पाल पटेल के सिर पर गंभीर चोट आई। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें लगभग 10 से 12 टांके लगाने पड़े। घटना के दौरान उनके कपड़े भी खून से भीग गए थे। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पीडि़त ने थाना सरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस द्वारा एफआईआर भी दर्ज की गई है।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में चंद्रकुमार साहू पिता रामकृपाल साहू, नमन पटेल पिता गोपाल पटेल और तस्वीर साहू पिता अच्छे साहू का नाम बताया गया है, जिन्होंने घटना को देखा और सुना है।
पीडि़त ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित आरोपियों द्वारा शासकीय भूमि खसरा नंबर 01, 509/2 तथा निजी भूमि खसरा नंबर 520/1, 520/2, 520/3 और 515 में ईंट भ_ा संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि इस अवैध भ_े के कारण शासन की भूमि का दुरुपयोग हो रहा है और क्षेत्र के पर्यावरण पर भी असर पड़ रहा है।
घटना के बाद पीडि़त ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अवैध ईंट भ_े की जांच कराने की मांग की है। पीडि़त का कहना है कि वह न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के पास आवेदन दे रहा है, लेकिन अब तक उसे ठोस कार्रवाई का इंतजार है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों की नजर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।