‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 मई। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव दो दिवसीय प्रवास पर जिले पहुंचे, जहां उन्होंने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद किया। उनके इस दौरे ने क्षेत्र की राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया।
सोमवार को वे जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज के निवास पचपेड़ी पहुंचे, जहां उनका आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। दौरे के दौरान सिंहदेव ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार के कार्यों को निराशाजनक बताते हुए कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।
उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने इन क्षेत्रों में निशुल्क और बेहतर सेवाएं देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की थी, लेकिन वर्तमान सरकार उन योजनाओं को दरकिनार कर निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता टैक्स तो दे रही है, लेकिन उसके बदले अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, विधायक उत्तरी जांगड़े, विधायक कविता लहरे, पूर्व जिला पंचायत सभापति अनीता बिनोद भारद्वाज, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज सहित राजेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम साहू, राकेश पटेल, गोल्डी नायक, राधे जायसवाल, ताराचंद पटेल, रामनाथ सिदार, संजय दुबे, सोनी अजय बंजारे, रमेश खुटे, राकेश जाटवार, सरिता गोपाल, पदमा मनहर उपस्थित रहे। सिंहदेव ने कहा कि सारंगढ़ आने की इच्छा लंबे समय से थी। यहां आकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिली। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और वे संतोष के साथ लौट रहे हैं।