सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 अप्रैल। बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति पिछले कुछ महीनों से बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कम वोल्टेज के कारण कूलर और पंखे ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे गर्मी के मौसम में दिक्कत बढ़ गई है। कई स्थानों पर बिजली उपकरणों के खराब होने की भी बात कही जा रही है।
क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि वे गर्मी से राहत के लिए विद्युत उपकरणों पर निर्भर हैं, लेकिन लो वोल्टेज के कारण उनका उपयोग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि समस्या के संबंध में विभाग को जानकारी दी गई है।
विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, लो वोल्टेज की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है और इस संबंध में पत्राचार भी किया गया है। उनका कहना है कि ऊपर से ही कम वोल्टेज मिलने के कारण यह स्थिति बन रही है।
इस संबंध में बिलाईगढ़ विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राणा और कनिष्ठ अभियंता रश्मि सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या है और इसे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है। उनके अनुसार, सुधार के आश्वासन के बावजूद स्थिति में अभी तक कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुख्यालय बिलाईगढ़ सहित आसपास के कई गांवों में भी इसी प्रकार की समस्या होने की जानकारी सामने आई है।


