सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 अप्रैल। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग कार्यालय में एक घटना सामने आई है, जिसमें एक सरकारी कर्मचारी पर पत्रकार और एक वकील के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वकील जनक बरेठ अपनी माता के किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या को लेकर आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोश कुमार भी थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें संबंधित कर्मचारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण पटेल के पास भेजा गया।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि इसी दौरान प्रवीण पटेल ने पत्रकार के साथ हाथापाई की। जब वकील बीच-बचाव करने आए, तो उन्हें भी धक्का देकर दूर कर दिया गया। घटना के समय कार्यालय में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
घटना के दौरान जिला कृषि अधिकारी के मौके पर पहुंचने का भी उल्लेख किया गया है। आरोप यह भी है कि उन्होंने स्थिति को संभालने के दौरान पीडि़त पक्ष को रोकने और पुलिस को सौंपने की बात कही। यह भी कहा गया है कि कुछ समय तक दोनों को कार्यालय से बाहर नहीं जाने दिया गया।
इस मामले में संबंधित पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं हुई है।


