सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 15 अप्रैल। विकासखंड के अंतर्गत शा पूर्व मा विद्यालय अंडोंला में जिपं अध्यक्ष संजय पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में वार्षिक उत्सव सह विदाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी बेजोड़ , असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के बच्चों को भावात्मक विदाई सह सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि वार्षिक उत्सव सह विदाई समारोह स्कूली जीवन का भावपूर्ण संगम है, जहां उपलब्धियों का जश्न विदाई के ग़म एक साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में अंतर्निहित प्रतिभा को सम्मानित करने, यादों को संजोने और नए भविष्य के लिए विदा करने का एक भावात्मक एवं सांस्कृतिक उत्सव है।
जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बच्चों के द्वारा शानदार, मनमोहक प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमें यह सिखाता है की जीवन सतत चलते रहने का नाम है। यहां से जाने के बाद, हम जहां भी जाएंगे, यहां की शिक्षा और संस्कृति हमारे साथ रहेंगी।यह उत्सव हमें याद दिलाता है कि भले ही हम अलग हो रहे हैं लेकिन यादों की डोर हमें हमेशा जोड़े रखेगी।
उन्होंने बच्चों को जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गुरु जनो का आभार व्यक्त करना चाहिए जिन्होंने हमें तराशा है। गुरुजनों, माता पिता के आशीर्वाद हमें जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने में मदद करती है।
कार्यक्रम के अंत जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने विद्यार्थियों शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया । विद्यालय के प्रधान पाठक व शिक्षकगण ग्रामीण जन अभिभावक गण उपस्थित रहे।


