सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ के आकाश मगरिया बने हावड़ा के पुलिस कमिश्नर
04-Feb-2026 8:21 PM
 सारंगढ़ के आकाश मगरिया बने हावड़ा के पुलिस कमिश्नर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 4 फरवरी। सारंगढ़ नगर के आकाश मगरिया को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने 2 फरवरी को पदभार ग्रहण किया।

आकाश मगरिया का जन्म सारंगढ़ के बड़े मठपारा में हुआ। उनके पिता मोहन दत्त मगरिया आयुर्वेद चिकित्सक हैं। प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर सारंगढ़ में हुई। उच्च शिक्षा के बाद उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में हुआ और उन्हें पश्चिम बंगाल कैडर मिला।

आईपीएस बनने के बाद आकाश मगरिया ने पश्चिम बंगाल में एएसपी के रूप में सिलिगुड़ी में सेवा प्रारंभ की। इसके बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्य किया। कोलकाता सहित कई जिलों में सेवाएं देने के बाद उन्हें डीआईजी के रूप में पदोन्नति मिली। इस दायित्व का निर्वहन करने के बाद अब उन्हें हावड़ा का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

इस नियुक्ति पर सारंगढ़ नगर के नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। वरिष्ठ नागरिक एवं व्यवसायी कुमार बानी, नंद किशोर केजरीवाल, कृष्ण कुमार केसरवानी, केसरवानी समाज के अध्यक्ष सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

इसके अलावा अंकित केसरवानी, आशीष अग्रवाल, मोन्टी केजरीवाल, रामगोपाल साहू, कुलदीप पटेल, मनीष केजरीवाल, शशिकांत तिवारी, अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष विजय तिवारी, ओमकार केशरवानी, नूतन थवाईत, राजेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार भरत अग्रवाल सहित सारंगढ़ नगरवासियों ने भी शुभकामनाएं दी हैं।

नगरवासियों ने कहा कि आकाश मगरिया की यह उपलब्धि सारंगढ़ नगर और जिले के लिए महत्वपूर्ण है।


अन्य पोस्ट