सारंगढ़-बिलाईगढ़
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सारंगढ़, 11 फरवरी। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रायकोना क्षेत्र में सामने आए ठगी के मामले में सरसीवां थाना पुलिस ने जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की कथित संलिप्तता सामने आने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के माध्यम से राशि आहरण किए जाने के मामले में छह बैंक कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एचडीएफसी बैंक, सारंगढ़ शाखा के कर्मचारी अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी शामिल हैं। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, बिलाईगढ़ शाखा के कर्मचारी टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह सामने आया कि ठगी के आरोपी शिवा साहू के होल्ड खाते से लगभग 10 लाख रुपये तथा रितु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये की राशि की निकासी की गई। पुलिस के अनुसार यह निकासी कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई।
सरसीवां थाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का यह भी कहना है कि मामले में संबंधित दोनों बैंक शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी भूमिका संदिग्ध पाई जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना जारी है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।


