सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 फरवरी। गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र में पत्थर परिवहन की सूचना पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त किया है। मामले की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम ने अभ्यारण्य क्षेत्र में एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद वाहन को जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है। मौके पर एसडीओ अंकित पांडेय भी पहुंचे थे।
जिस ट्रैक्टर को जब्त किया गया है, उसे हरिहर जायसवाल का बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार वे जिला पंचायत सदस्य हैं और सहकारिता एवं उद्योग विभाग से सभापति पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गोमार्डा अभ्यारण्य संरक्षित वन क्षेत्र घोषित है। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संरक्षित क्षेत्र में खनन या खनिज पदार्थों का परिवहन नियमानुसार प्रतिबंधित है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि अभ्यारण्य क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो संबंधित विभाग को सूचित करें।


