सारंगढ़-बिलाईगढ़

चोरी का आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर-नगदी बरामद
14-Feb-2026 6:23 PM
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर-नगदी बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 14 फरवरी। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामलाल साहू नगर पंचायत पवनी ने 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी को दोपहर लगभग 2.30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर कसडोल गए थे। रात लगभग 10.30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। आलमारी में रखे बैग से सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि तथा आधार कार्ड गायब थे। कुल नुकसान लगभग 7,41,500 रुपये बताया गया।

रिपोर्ट पर धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटना के दौरान आसपास मौजूद टेंट, कैटरिंग और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कौशिक प्रधान नामक व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से लगभग 6 तोला 2 ग्राम सोने के जेवर (कीमत लगभग 5,59,000 रुपये), चांदी के जेवर (लगभग 1,79,000 रुपये) तथा 3,000 रुपये नगद बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन (मोसा सीजी 22 डब्ल्यू 3226) भी जब्त किया गया है। कुल बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग 7,41,000 रुपये बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट