‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 सितंबर। गणेशोत्सव में बढ़ते डीजे के शोर, अव्यवस्था और दिखावे पर चिंता जताते हुए नेत्र विशेषज्ञ एवं अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने त्योहारों को डीजे मुक्त बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्सव की ऊंचाई डीजे की आवाज से नहीं, बल्कि उसके सामाजिक संदेश और उपयोगिता से तय होनी चाहिए।
डॉ. मिश्र ने कहा कि अत्यधिक शोर से बुजुर्गों, बच्चों, विद्यार्थियों और बीमार लोगों को परेशानी हो सकती है। सार्वजनिक आयोजनों में पंडालों के कारण यातायात बाधित होने और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में परेशानी से भी बचना चाहिए। उन्होंने तेज लेजर लाइटों के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने की बात कही।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव का उद्देश्य सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा है। इसलिए पंडालों में डीजे और फिल्मी गीतों के बजाय भजन, लोकगीत, नाचा-पंडवानी, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, खेलकूद और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
डॉ. मिश्र ने नागरिकों से अपील की कि शोर कम करें, संवाद बढ़ाएं; दिखावा कम करें, संस्कार बढ़ाएं और आस्था के साथ दूसरों की शांति व स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र के सोलापुर और इस वर्ष पूना में आम नागरिकों के गणेशोत्सव में डी जे, कोलाहल, से मुक्त करने के लिए पहल की , जिसमें से सोलापुर तो पिछले वर्ष से ही डीजे मुक्त हो चुका है और इस वर्ष पूना में यह आवाज उठी है. जबकि गणेशोत्सव की परंपरा करीब 125 वर्ष पहले लोकमान्य तिलक के नेतृत्व में महाराष्ट्र से ही आरंभ हुई थी ताकि लोगों में एकता बने, एक दूसरे के साथ मिलकर दुख सुख बाँटे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, जैसे कार्यक्रम के बदले अब उत्सव का स्वरूप प्रति वर्ष बदलता हुआ नजर आ रहा है , जिसमें आस्था के नाम पर शोरशराबे, फिल्मी गानों, मनमानी पूर्ण रोकटोक, हावी होने लगी है। क्या रायपुर बल्कि कहा जाए पूरे देश के नागरिकों को अपने इन उत्सवों की गरिमा, महत्व के सम्बन्ध में सोचने की आवश्यकता है। प्रशासन, नगरनिगम, पुलिस व्यवस्था बनाने का प्रयास करते है ,पर जनसमर्थन के बिना वे भी सफल नहीं हो पाते।
हमारे त्योहार , की पहचान ,शोर, शराबे और दिखावे से नहीं, आस्था व संस्कारों से है. गणेशोत्सव हमारी धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। गणेश जी बुद्धि, विवेक, ज्ञान और शुभारंभ के प्रतीक माने जाते हैं। इसलिए गणेशोत्सव केवल पूजा और मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि समाज को जोडऩे और सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी होना चाहिए।
लेकिन आज सार्वजनिक उत्सवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। भक्ति और सामाजिक सहभागिता के स्थान पर कई बार तेज आवाज में डीजे, अत्यधिक शोर, चकाचौंध, दिखावा और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा उत्सव का प्रमुख हिस्सा बन जाते हैं। इसका परिणाम यह होता है कि जिस त्योहार से आनंद और शांति मिलनी चाहिए, वही आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है।