रायपुर

रचनात्मक, प्रेरणादायी आयोजनों पर अनर्गल प्रलाप कांग्रेस की कुण्ठित मानसिकता का परिचायक - डॉ. मिश्रा
15-Sep-2026 7:44 PM
रचनात्मक, प्रेरणादायी आयोजनों पर अनर्गल प्रलाप कांग्रेस की कुण्ठित मानसिकता का परिचायक - डॉ. मिश्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 सितंबर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने सेवा  संकल्प अभियान में स्कूली बच्चों की हिस्सेदारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने  इसे कांग्रेस की ओछी और दोहरी मानसिकता करार दिया है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि  सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों के बौद्धिक, नैतिक और वैचारिक विकास से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों पर कांग्रेस का पेट दर्द होना उसके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। बच्चों के भविष्य और शिक्षा पर घडिय़ाली आँसू बहाने वाले बैज शायद अपना अतीत बहुत जल्दी भूल गए हैं। जून 2024 में ग्रीष्मकालीन अवकाश की समय-सीमा बढ़वाने के नाम पर खुद बैज मासूम स्कूली बच्चों को लेकर भीषण गर्मी और तपती धूप में सडक़ों पर आंदोलन का तमाशा कर रहे थे।नौनिहालों का राजनीतिक स्वार्थ और ढाल के रूप में इस्तेमाल करना हमेशा से कांग्रेस का सबसे शर्मनाक चरित्र रहा है, और आज वही बैज नैतिकता के नाम पर ज्ञान बाँट रहे हैं।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बौद्धिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विकास के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम होते थे—तब क्या वह राजनीति थी? आज जब बच्चों को सेवा भाव, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से परिचित कराया जा रहा है, तो कांग्रेस इसे राजनीतिक दुष्प्रचार बताकर अपनी कुण्ठा जाहिर कर रही है। कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रदेश की भावी पीढ़ी राष्ट्रसेवा और सकारात्मक विचारों से जुड़े।


अन्य पोस्ट