रायपुर
हाईकोर्ट के निर्णय का पेंशनर्स महासंघ ने किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 सितंबर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा सेवानिवृत्ति के निकट शासकीय कर्मचारियों को उनके गृह जिले में पदस्थापना दिए जाने के संबंध में दिए गए निर्णय का स्वागत किया है।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि महासंघ छत्तीसगढ़ लंबे समय से यह मांग करता रहा है कि सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके कर्मचारियों को उनकी परिस्थितियों के अनुरूप गृह जिले में पदस्थापना का अवसर दिया जाए। रायगढ़ के हेड कांस्टेबल की याचिका पर उच्च न्यायालय के वर्तमान निर्णय से इस मांग को महत्वपूर्ण न्यायिक आधार मिला है। महासंघ आशा करता है कि शासन भी ऐसे मामलों में न्यायालय के निर्णय की भावना के अनुरूप सकारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाएगा।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा,प्रदेश उपाध्यक्ष एन आर साहू, लोचन पांडेय, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी प्रदेश संगठन मंत्री टी पी सिंह, विधि सलाहकार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पूरन सिंह पटेल, महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ शेषा सक्सेना, कोषालय प्रकोष्ठ के गोविंद राम बसोने, दैवेभो प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक अनिल पाठक,रायपुर से संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, जिला रायपुर के अध्यक्ष आर जी बोहरे, सचिव ओ डी शर्मा आदि ने कहा है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनर्स के सम्मान, सुविधा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए महासंघ छत्तीसगढ़ आगे भी निरंतर प्रयास करता रहेगा।