आधी रात मकान में सेंधमारी 72 हजार के जेवर, दुकान से निरमा पाउडर भी ले गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर स्थित यूको बैंक की एटीएम में अज्ञात व्यक्ति ने कैश डिस्पेंसर से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपए निकालने की कोशिश की। एक एटीएम में औसतन न्यूनतम 3 लाख से अधिक की रकम लोड रहती है।
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक इलाका स्थित यूको बैंक में किसी अज्ञात व्यक्ति ने छेड़छाड़ कर ग्राहकों के पैसे निकालने का प्रयास किया। घटना 12 सितंबर की सुबह 10.10 से 10.25 बजे के बीच की है। एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम में दाखिल हुआ और कैश डिस्पेंसर में नीले रंग की प्लास्टिक पट्टी लगाकर एटीएम से रुपए निकालने वाले ग्राहकों की रकम हासिल करने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली गई। बैंक शाखा प्रबंधक ने 19 सितंबर को थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
वहीं दूसरा मामला तिलदानेवरा की है। जहां अज्ञात चोर ने आधी रात घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर सहित 72 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गया। पीडि़त परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मीनारायण पाल ने बताया कि 16 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। दूसरे दिन सुबह 5 बजे उसकी मां हेमलता के कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखा संदूक भी गायब था।
परिवार ने आसपास तलाश की तो संदूक घर के पीछे बाड़ी में पड़ा मिला। उसका ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर संदूक में रखी एक जोड़ी चांदी की पायल, छह जोड़ी चांदी की बिछिया, दो सोने की माला और पुरानी सोने की बालियां गायब थीं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 70 हजार रूपए बताई गई है। इसके अलावा घर में किराना दुकान से 2 हजार रूपए का निरमा पाउडर भी चोरी हुआ। दोनों घटनाओं में पुलिस शिकायत दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
कैश डिस्पेंसर के साथ छेड़छाड़ की पहचान कैसे करें?
नकली शटर/पट्टी- फ्रॉड करने वाले कैश निकलने वाली जगह पर एक नकली पट्टी या गोंद लगी प्लेट चिपका देते हैं। जब आप पैसे निकालते हैं, तो नोट अंदर ही चिपक जाते हैं और बाहर नहीं आ पाते।
कैश स्लॉट का ढीला होना: अगर कैश निकलने वाला स्लॉट ढीला, बाहर की तरफ निकला हुआ या अलग रंग का दिखाई दे, तो उससे छेड़छाड़ हुई हो सकती है।गोंद या टेप के निशान: स्लॉट के आसपास फेविकॉल, डबल-साइड टेप या चिपचिपे पदार्थ के निशान दिखें तो सावधान हो जाएं।
अगर पैसे फंस जाएं या छेड़छाड़ दिखे तो क्या करें? मशीन को थोड़ा सा खींचकर या छूकर देखें: पैसे निकालने से पहले कैश स्लॉट को हल्का सा छूकर चेक करें कि वह ओरिजिनल है या ऊपर से कोई नकली कवर लगाया गया है।तुरंत एटीएम न छोड़ें: अगर अकाउंट से पैसे कटने का मैसेज आ जाए लेकिन कैश डिस्पेंसर से पैसे बाहर न आएं, तो एटीएम छोडक़र तुरंत बाहर न जाएं। बैंक/हेल्पलाइन पर रिपोर्ट करें: तुरंत अपने बैंक के टोल-फ्री नंबर या एटीएम गार्ड को सूचित करें।