रायपुर

दो दिन बारिश के आसार, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
15-Sep-2026 7:47 PM
दो दिन बारिश के आसार, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 सितम्बर। प्रेदश में अगले दो दिनों तक कई जिलों  में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। इस बीच राजधानी का मौसम मंगलवार को साफ रहा। वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान माना में सर्वाधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने प्रदेश में एक साथ कई मौसमी सिस्टम सक्रिय होना बताया हैं। मानसून ट्रफ के साथ कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण प्रदेश में नमी पहुंचा रहा है। इसके प्रभाव से आगामी दो दिनों में कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है।

प्रदेश में सामान्य वर्षा का 99.9प्रतिशत कोटा पूरा

 छत्तीसगढ़ में  1 जून से आज तक प्रदेश में औसत सामान्य वर्षा की 99.9प्रतिशत आपूर्ति दर्ज की जा चुकी है। राज्य भर में अब तक कुल 988.5 मिमी औसत बारिश हुई है, जो पिछले 10 वर्षों के 989.9 मिमी के ऐतिहासिक औसत के बिल्कुल बराबर है। वहीं पिछले 24 घंटों के भीतर प्रदेश में 12.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें दंतेवाड़ा जिले में सर्वाधिक 46.3 मिमी बारिश हुई है।

वर्षा आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में मानसून का रूप भिन्न रहा है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले ने 1482.8 मिमी कुल बारिश और सामान्य औसत के मुकाबले 177प्रतिशत वर्षा के साथ पूरे प्रदेश में बाजी मारी है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में औसत का 146.3प्रतिशत, रायपुर में 131.8प्रतिशत, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.1 प्रतिशत और महासमुंद में 125.7प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। मैदानी जिलों में बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी जैसे इलाकों में भी सामान्य से अधिक वर्षा होने से कृषि गतिविधियों को काफी मजबूती मिली है।

दूसरी ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अब भी अच्छी बारिश की दरकार बनी हुई है। बेमेतरा जिला प्रदेश भर में सबसे कम 563.8 मिमी (औसत का 78.2प्रतिशत) वर्षा के साथ तालिका में सबसे नीचे है।

मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में बिलासपुर (963.0 मिमी), कोरबा (1056.9 मिमी), दुर्ग (742.4 मिमी), सक्ती (927.8 मिमी) और जशपुर (894.7 मिमी) जैसे जिलों ने अपने 10-वर्षीय औसत के लगभग 95प्रतिशत से 107प्रतिशत तक का आंकड़ा हासिल कर लिया है, जो संतुलित स्थिति को दर्शाता है। राजनांदगांव, कबीरधाम, रायगढ़, कोंडागांव और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा कम रहने के बावजूद खरीफ फसलों के लिए राहतजनक स्थिति बनी हुई है।


अन्य पोस्ट