रायपुर
झांसी से रायपुर आ रही थीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 सितम्बर। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रही रायपुर की एक महिला के पर्स से 7 हजार रुपए पार हो गए। 13 सितम्बर को ज्योति केसरिया तीज मनाने के लिए झांसी से रायपुर आने के लिए ट्रेन में सफर कर रही थीं। घटना नागपुर रेलवे स्टेशन की है। ज्योति ने सफर पूरा कर जीआरपी रायपुर में अपनी शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी शिकायत दर्ज कर घटनास्थल नागपुर होने के कारण प्रकरण जीआरपी नागपुर स्थानांतरित कर दिया है।
गुढय़िारी निवासी ज्योति केसरिया 48 अपने बच्चे के साथ 13 सितंबर को ट्रेन नंबर 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से झांसी से रायपुर के लिए रवाना हुई थीं। वह ए-1 कोच में यात्रा कर रही थीं।
यात्रा के दौरान ज्योति को नींद आ गई। 14 सितंबर की रात 1.46 बजे नींद खुलने पर उसने देखा कि ट्रेन नागपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। सिर के पास रखा लेडिस पर्स चेक करने पर उसके अंदर रखा छोटा पर्स गायब मिला। पर्स में 7 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड रखे थे, जो नहीं था।
ज्योति ने इसकी सूचना ट्रेन में पेट्रोलिंग कर रहे गार्ड को दी। यात्रा पूरी होने के बाद रायपुर पहुंचकर उसने जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 305 सी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।