रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 सितंबर। गणेश उत्सव समितियां डीजे साउण्ड को लेकर न्यायालय के दिशा-निर्देशों को दरकिनार कर रही हैं।
सिविल लाइन और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन कर डीजे बजाने के 3 मामलों में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है । इसमें वाहन और डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए।सोमवार को टिकरापारा पुलिस ने श्रद्धा विहार बोरियाखुर्द में बिना अनुमति तेज आवाज में साउंड बजा रहे दीपक सोनकर (25) निवासी घुंघवा जमराव, अमलेश्वर, दुर्ग निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में साउंड बजा रहा था। पुलिस ने साउंड सिस्टम जब्त कर दर्ज किया और धारा 4,5,15 में कार्रवाई की।
टिकरापारा में तीसरी कार्रवाई, 98 डेसिबल से ऊपर आवाज में शोर मचाया गया था।
इससे पहले रविवार रात सिविल लाइन इलाके में जनता कॉलोनी, राजेंद्र नगर और जोगी बंगला के आसपास जोरों से डीजे बजा रहे थे। पुलिस ने राजेंद्र साहू (24) निवासी रामनगर चरोदा भिलाई और रूपेश पासी (33) निवासी पेंशनबाड़ा रायपुर के खिलाफ कोलाहल अधिनियम धारा 4,5,15 में कार्रवाई कर डीजे वाहन जब्त किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान डीजे संचालन के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है। जुलूस या कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाने और सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अपील की है कि आयोजन से पहले अनुमति लें, समय-सीमा और ध्वनि सीमा का पालन करें, रात में लाउडस्पीकर नियमों का ध्यान रखें। उल्लंघन पर आगे भी कार्रवाई होगी।