‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 सितंबर दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर में दशलक्षण पर्यूषण महापर्व के आठवें दिन उत्तम त्याग धर्म अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन , एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि उत्तम त्याग धर्म के शुभ अवसर पर जिनेन्द्र देव का अभिषेक शरद कुमार जैन, शिशिर जैन, विज्ञान कुमार जैन, पूर्वांश कुमार जैन, सनत गंगवाल, सुमित गंगवाल, श्लोक गंगवाल, प्रवीण जैन, शुभम जैन, स्पर्श जैन, किरण जैन, विजय कस्तूरे, श्रीमती सरोज कस्तूरे, छाया, प्रज्ञा, आर्या जैन ने किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए पूज्य मुनि श्री आगम सागर ने उत्तम त्याग धर्म के गूढ़ रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैन शास्त्रों के अनुसार मनुष्य को सदैव अपने ही कृत कर्मों का फल प्राप्त होता है।
त्याग और दान की महिमा को रेखांकित करते हुए मुनि श्री ने रामायण का एक सुंदर प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि श्री राम की माता पूर्व जन्म में अपने घर में मुनिराज के आहार हेतु नवधा भक्तिपूर्वक चौक लगाती थीं और बच्चों से मुनिराज का पडग़ाहन करने को कहती थीं। परंतु बच्चे खेलकूद में व्यस्त रहने के कारण पडग़ाहन के समय मुनिराज के समक्ष न जाकर बाद में केवल आहार की कुशलक्षेम पूछते थे। पूर्व जन्म में मुनिराज के पडग़ाहन का पावन अवसर गंवाने के कारण ही श्री राम को राजसिंहासन प्राप्त होने के ऐन वक्त पर वनवास जाना पड़ा। यह प्रसंग शिक्षा देता है कि दान और भक्ति के अवसरों को कभी व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए।
दान के महत्व पर देशना देते हुए मुनि श्री ने कहा कि संसार में दान देने वाले का नाम सदा प्रथम आता है। दान से व्यक्ति की यश और कीर्ति किसी मांग के बिना ही पूरी दुनिया में फैलती है। त्याग और दान से कभी धन या वैभव घटता नहीं, बल्कि बहुगुणी होकर बढ़ जाता है। जो जीव नम्रता और विनय भाव के साथ दान देता है, उसका सर्वत्र आदर-सत्कार होता है। विनयपूर्वक दिया गया दान जीव के निर्वाण प्राप्त कर लेने के पश्चात भी युगों-युगों तक उसकी यश-कीर्ति को जीवित रखता है।