रायपुर

74 करोड़ के 2381 कार्य स्वीकृत, रायपुर की सभी 408 ग्राम पंचायतें कवर
22-Sep-2026 7:20 PM
74 करोड़ के 2381 कार्य स्वीकृत, रायपुर की सभी 408 ग्राम पंचायतें कवर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 सितंबर। वीबी-जी राम-जी योजना के तहत रायपुर जिले में ग्रामीण विकास और रोजगार से जुड़े कार्यों को गति मिली है। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से अब तक जिले में 2381 कार्यों के लिए करीब 74 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। जिले की सभी 408 ग्राम पंचायतों में कम से कम एक कार्य स्वीकृत किया गया है।

योजना के तहत स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, किचन शेड, आंगनबाड़ी और पीडीएस भवन सहित विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इनमें बालिका शौचालय के 400, मुक्तिधाम के 120 और किचन शेड के 218 कार्य शामिल हैं। ग्रामीण आजीविका और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 202 हाइटेक बकरी शेड भी स्वीकृत किए गए हैं।

जल संरक्षण और संवर्धन के लिए नए तालाब, तालाब गहरीकरण और डबरी निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए जा रहे हैं। नवीन अग्रवाल ने कहा कि योजना के जरिए रोजगार के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जा रहा है। आगामी वर्ष की कार्ययोजना के लिए 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं में विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने की जानकारी दी जाएगी। इससे पंचायतें अपनी स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों की योजना तैयार कर सकेंगी।


अन्य पोस्ट