रायपुर

भाजपा पार्षद से मारपीट, कार में तोड़ फोड़ करने वाले दो युवक गिरफ्तार
22-Sep-2026 7:48 PM
भाजपा पार्षद से मारपीट, कार में तोड़ फोड़ करने वाले दो युवक  गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 सितंबर। भाजपा पार्षद से मारपीट और कार में तोड़ फोड़ करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने आजाद चौक में विवाद के बाद कार का पीछा कर बैरन बाजार में पत्थरबाजी  की थी।

सोमवार रात करीब 10:30 बजे पार्षद प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल देखने एवं घूमने निकले थे। इसी दौरान आमापारा इलाके में दोनों बाइक सवारों से ढंग से बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पार्षद ने दोनों युवकों को आजाद चौक थाना पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें कुछ ही देर बाद छोड़ दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने पार्षद की कार का पीछा किया और बाठिया नर्सिंग होम के पास अंधेरे  वाली जगह कार को रुकवाकर दोनों युवकों ने पत्थर मार दिया।

 इसके बाद प्रीतम  अपने परिवार के साथ कार से रवाना हो गया। इसी दौरान  दोनों युवक की कार का पीछा किया और मौका पाकर बैरन बाजार क्षेत्र में प्रीतम की कार के पीछे के कांच पर पत्थर मार दिया, जिससे कार का कांच टूट गया। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रीतम अपने परिवार और समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस टीम ने रात ही  सीसीटीवी फुटेज एवं घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर दोनों  कृष यादव 19 ,आदित्य सिंह ठाकुर 22  निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा की पहचान कर  धारा 296, 125, 324(1), 3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया।


अन्य पोस्ट