रायपुर

एक साल से पीपीओ नहीं, सेवानिवृत्त 350 प्राचार्यों की पेंशन अटकी
23-Sep-2026 6:44 PM
एक साल से पीपीओ नहीं, सेवानिवृत्त 350 प्राचार्यों की पेंशन अटकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 सितंबर। सैकड़ों  स्कूल प्राचार्यों को एक वर्ष बाद भी पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी नहीं होने के कारण पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि स्कूल शिक्षा मंत्री के अनुमोदन से वर्ष 2025 में कुल 2798 व्याख्याताओं को प्राचार्य पद पर पदोन्नति दी गई थी। इनमें लगभग 300 से अधिक शिक्षक ऐसे थे, जो पदोन्नति के एक-दो दिन के भीतर ही सेवानिवृत्त हो गए।इन शिक्षकों के अनेक प्रकरणों में अभी तक पीपीओ जारी नहीं हो सका है।

महासंघ द्वारा विभिन्न संभागों से एकत्र की गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में लगभग 320 से 350 पेंशन प्रकरण केवल  एन?ओसी  के अभाव में लंबित हैं।  रायपुर संभाग में लगभग 75 से 80, दुर्ग संभाग में 65 से 70, बिलासपुर संभाग में 120 से 135, सरगुजा संभाग में 35 से 40 तथा बस्तर संभाग में 25 से 30 प्रकरण लंबित बताए गए हैं।बिलासपुर संभाग में लंबित प्रकरणों की संख्या सर्वाधिक 120 से 135 बताई गई है।

महासंघ का कहना है कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन प्रकरणों में न मांग, न जांच, न घटना प्रमाण-पत्र संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद एन?ओसी जारी करने की प्रक्रिया अब अनावश्यक रूप से लंबी हो गई है। पूर्व में यह प्रमाण-पत्र जिला शिक्षा अधिकारी तथा संभागीय संयुक्त संचालक स्तर पर ही जारी हो जाता था, लेकिन अब इन प्रकरणों को डीपीआई के  जरिए मंत्रालय भेजने की व्यवस्था से निराकरण में विलंब हो रहा है।

महासंघ ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी के लिए पीपीओ केवल एक प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि उसके पेंशन अधिकार को सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।


अन्य पोस्ट