रायपुर

पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अभियान की मांग
22-Sep-2026 7:43 PM
पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अभियान की मांग

फेडरेशन ने सचिव संचालक स्कूल शिक्षा को पत्र लिखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 सितंबर। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत  न मांग, न जांच एवं न घटना संबंधी  पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने  विभाग के सचिव और संचालक को इस संबंध में विस्तृत पत्र लिखा है।

 वर्मा ने कहा कि फेडरेशन के संज्ञान में यह तथ्य लगातार आ रहा है कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्राचार्यों एवं अन्य संवगों के कर्मचारियों के न मांग, न जांच एवं न घटना संबंधी सैकड़ों प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। इन प्रकरणों के निराकरण के अभाव में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है।  इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु मांग रख रहे हैं। जीवनभर शासकीय सेवा करने के पश्चात सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्तिक लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।  फेडरेशन की ओर से मांग है कि शिक्षा विभाग में अंतर्गत लंबित प्रकरणों की जिलेवार सूची तत्काल तैयार कराई जाए। प्रत्येक जिले में शिविर आयोजित कर  प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।

 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका शीघ्र निपटारा किया जाए। भविष्य के लिए  जिला एवं संभाग स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं तथा उनकी नियमित समीक्षा की जाए।भविष्य में सेवानिवृत्ति से पूर्व ही कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों की जांच एवं आवश्यक कार्य पूर्ण कराने की व्यवस्था  की जाए।


अन्य पोस्ट