रायपुर

अनुकम्पा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा शिथिल करने की मांग
23-Sep-2026 6:44 PM
अनुकम्पा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा शिथिल करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 सितंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने  अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने के लिए 10 प्रतिशत की सीमा को शिथिल करने एवं राज्य स्तरीय रिक्त पदों की गणना के आधार पर नियुक्ति देने की मांग की है।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को मांग-पत्र प्रेषित कर कहा है कि वित्त विभाग सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत अनेक जिलों एवं कार्यालयों में सहायक वर्ग-03 के स्वीकृत पदों की संख्या 10 से कम है। ऐसे छोटे संवर्ग वाले कार्यालयों में 10 प्रतिशत की गणना के कारण अनुकम्पा नियुक्ति के लिए एक भी पद उपलब्ध नहीं हो पाता।

 उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि किसी जिला कोषालय में सहायक वर्ग-03 के 07 पद स्वीकृत होने पर 25 प्रतिशत पद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए आरक्षित किए जाने के बाद 06 पद शेष रहते हैं। इन 06 पदों का 10 प्रतिशत मात्र 0.60 पद होता है। पूर्णांक में एक पद नहीं बनने के कारण पात्र आश्रित होने के बावजूद सहायक वर्ग-03 के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति नहीं हो पाती।

फेडरेशन ने कहा कि वर्तमान में दिवंगत शासकीय सेवकों के अनेक आश्रित एमबीए, इंजीनियरिंग, स्नातकोत्तर एवं अन्य उच्च शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। लेकिन 10 प्रतिशत की सीमा के कारण तृतीय श्रेणी के पद उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें अपनी योग्यता के अनुरूप नियुक्ति नहीं मिल पाती। कई मामलों में उच्च शिक्षित आश्रितों को चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्ति स्वीकार करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।

 वर्मा ने कहा कि दिवंगत शासकीय सेवक के परिवार को अनुकम्पा नियुक्ति का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। ऐसी स्थिति में केवल छोटे संवर्ग में पदों की संख्या कम होने के कारण पात्र एवं योग्य आश्रित को तृतीय श्रेणी के पद से वंचित करना व्यावहारिक कठिनाई उत्पन्न करता है।


अन्य पोस्ट