‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 नवंबर। विधिक सेवा दिवस के अवसर पर शासकीय किसान उच्चतर माध्यमिक शाला करमतरा में विद्यार्थियों के मध्य विधिक साक्षरता विषयों पर आधारित चित्रकला एवं भाषण स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, संविधान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
चित्रकला स्पर्धा में ‘न्याय सबके लिए’, ‘बाल अधिकार’, ‘नशामुक्ति’ एवं ‘समाज’ जैसे विषयों को शामिल किया गया। वहीं भाषण स्पर्धा में ‘समान न्याय एवं नि:शुल्क कानूनी सहायता’, ‘भारतीय संविधान एवं हमारे मौलिक अधिकार’, ‘घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण’, ‘नारी सशक्तिकरण’ तथा ‘बालिका शिक्षा’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्राचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ विधि संबंधी ज्ञान भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता विकसित करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते कहा कि यह आयोजन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
चित्रकला स्पर्धा में खुशबू, चंचल, साधना, ए डमेश्वरी, भुवनेश्वरी, जाह्नवी, लक्की, तुषार एवं डामनलाल ने सहभागिता की। वहीं भाषण स्पर्धा में खुशबू, मानसी, योगेंद्र, नीहारिका, उर्वशी एवं प्राची ने अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण स्पर्धा में खुशबू ने प्रथम, प्राची ने द्वितीय एवं मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला स्पर्धा के हाई स्कूल वर्ग में जाह्नवी, साधना एवं खुशबू ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार हायर सेकंडरी वर्ग में तुषार, भुवनेश्वरी एवं डामनलाल ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता किसान सिंग सोरी, रामप्रसाद देवांगन, राकेश साहू, रूपेश नागपुरे, अर्चना साहू, कमलेश्वरी चंदेल, दिव्या वर्मा, लोकेश्वरी देवांगन, योगेंद्र सिंग ठाकुर, मनीष शर्मा सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।