राजनांदगांव

प्रेस क्लब कॉलोनी के पीछे अवैध कॉलोनी का निर्माण ?
09-Jun-2025 3:39 PM
प्रेस क्लब कॉलोनी के पीछे अवैध कॉलोनी का निर्माण ?

महापौर ने कहा- अवैध कॉलोनियों पर होगी कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 जून। पत्रकारों के प्रेस क्लब कॉलोनी के पीछे अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं सप्ताहभर पहले नगर निगम ने अवैध कालोनियों को लेकर कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए थे। इससे पहले ही कुछ स्थानों पर निगम ने कार्रवाई भी की थी, लेकिन चेतावनी के विपरीत शहर के भू-माफियाओं ने एक बार फिर से अवैध कालोनी के कारोबार में तेजी ला दी है।

अब डोंगरगांव रोड़ स्थित प्रेस क्लब कॉलोनी के पीछे तकरीबन 10 एकड़ के लंबे चौड़े भू-भाग में अवैध कॉलोनी का काम भी शुरू हो गया है। इन भू-माफियाओं को नगर निगम की कार्रवाई का कोई डर नहीं है। इधर महापौर मधुसूदन यादव ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही है। उन्होंने चेतावनी देते कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि शहर में अवैध कॉलोनियों की बाढ़ आ गई है। नगर निगम से भवन अनुज्ञा लेकर एक तरह से अवैध कॉलोनियों का बड़ा कारोबार खड़ा कर दिया गया है। अब तक शहर में 100 से अधिक बड़ी अवैध कॉलोनियां आकार ले रही है। समय-समय पर नगर निगम की तरफ से की जाने वाली कार्रवाई का कोई असर नहंी हुआ है। अब शहर से लगे हाईवे में ही प्रेस क्लब के पीछे 10 एकड़ में भू-माफियाओं ने कालोनी का निर्माण शुरू कर दिया है। यहां प्लाट का रेट भी तय कर बेचने की शुरूआत हो गई है। अवैध कालोनी का निरीक्षण करने पर पाया गया कि मुरूम रोड़ बनने लगी है। धीरे से हर कालोनियों की तरह यहां भी सीसी रोड़ नजर आएगी।

 

सूत्रों का कहना है कि जिन भू-माफियाओं ने 100 से अधिक अवैध कालोनियों का नया ठिकाना गढ़ा है वही भू-माफिया फिर से नई जगह तलाश कर अवैध कालोनी बना रहे हैं। इसके पहले देखते ही देखते योग आश्रम के सामने अवैध मार्केट खड़ा कर दिया है। पार्रीनाला के आगे भी अवैध कालोनी बनाई गई है। हालांकि नगर निगम का क्षेत्र नहीं होने के कारण यहां पर ग्राम पंचायत की मेहरबानी चल रही है। इसके अलावा लखोली से लेकर कन्हारपुरी, नंदई, बसंतपुर, पेंड्री, मोहारा, चिखली, शांतिनगर, तुलसीपुर, नवागांव, ढ़ाबा सहित शहर के अन्य क्षेत्र में अवैध कालोनी का कारोबार तेजी के साथ फलफूल रहा है। इन अैध कॉलोनियों के कारण नगर निगम को राजस्व के रूप में भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट