राजनांदगांव

सीतागोटा-बोईरटोला क्षेत्र में मिला युवक की सड़ी-गली लाश
09-Jun-2025 3:56 PM
सीतागोटा-बोईरटोला क्षेत्र में मिला युवक की सड़ी-गली लाश

क्षेत्र में सनसनी, शव की शिनाख्ती में जुटी पुलिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 जून। छुरिया क्षेत्र के सीतागोटा-बोईरटोला के समीप 8 जून को नाले में एक अज्ञात युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस शव की शिनाख्ती में जुट गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सीतागोटा-बोईरटोला मार्ग पर स्थित नाले के नीचे पाईप में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। बताया जाता है कि नाले से बदबू आने पर जब ग्रामीणों ने जाकर देखा तो शव से दुर्गंध उठ रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव नाले के नीचे बड़े पाईप में पड़ा हुआ था। पुलिस हत्या की आशंका पर जांच शुरू कर रही है।

पुलिस के अनुसार अज्ञात शव की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के आसपास आंकी गई है। वहीं कद लगभग 5 फीट 8 इंच के आसपास, हरा रंग का लोवर जिनमें सफेद रंग में यूबी लिखा है। नीला रंग का अंडरवियर पहना है। जिसमें सफेद में अंग्रेजी में एएक्स लिखा है। गले में सफेद-लाल रंग की माला पहना है। शव 4-5 रोज पूर्व का लग रहा है। जिस पर बागनदी थाना में मर्ग क्रमांक 14/25 धार अज्ञात व्यक्ति के परिजनों की तलाश की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार  शव बुरी तरह से सड़-गल चुका  था। पुलिस ने नाले से शव को बाहर निकालने के पश्चात पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस अज्ञात शव की पहचान के लिए जुट गई है।


अन्य पोस्ट