जिला वनोपज संचालक मंडल चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित
भडक़े सासंद, कहा-चुनाव जैसे संवेदनशील मामले में इस तरह की लापरवाही ठीक नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 जून। महासमुंद में जिला वनोपज संघ के संचालक मंडल के चुनाव के लिए कल शुक्रवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन रिटर्निंग अफसर का स्वास्थ्य खराब होने के कारण इसे आगामी आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। रिटर्निंग अफसर के ऐन वक्त पर अचानक बीमार होने को लेकर कल शुक्रवार को वन विभाग के दफ्तर में जमकर हंगामा हुआ। इसे लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। मालूम हो कि जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद में कुल 75 सदस्य हैं। इनमें 64 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं। जिला यूनियन के 11 संचालक मंडल के लिए ये ही सदस्य अपना वोट देते हैं। प्राथमिक वनोपज समितियों में चुनाव हेो चुका है और अब जिला वनोपज संघ के संचालक मंडल का चुनाव होना है।
इस चुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर ऑडिट ऑफिसर डीडी जोगांश को नियुक्त किया गया था। लेकिन सुबह 10.16 बजे डीडी जोगांश के मोबाइल नंबर से जिला यूनियन के सहायक ग्रेड.3 अशोक कुमार शुक्ला के मोबाइल नंबर पर आयुक्त राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य खराब होने के संबंध में पत्र आया। इसके साथ ही मेडिकल प्रमाण पत्र भी संलग्न था। इसके बाद जिला लघु वनोपज यूनियन की ओर से निर्वाचन अधिकारी को पंचनामा तैयार कर पत्र भेजा गया और मार्गदर्शन मांगा गया।
इसी बीच सांसद चुन्नीलाल साहू भाजपा पदाधिकारियों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी इनसे बात करने के लिए मौजूद नहीं था। थोड़ी देर बाद एसडीओ एआर बंजारे कक्ष में पहुंचे और जाकर सीधे कुर्सी पर बैठ गए। इससे सांसद चुन्नीलाल साहू नाराज हो गए और कहा देश के संसद के एक सदस्य को आपने कुत्ता, बिल्ली समझ लिया है क्या? जब सांसद की मुलाकात डीएफ ओ से हुई तो उन्होंने एसडीओ की शिकायत भी की। इस पर एसडीओ ने माफ ी मांगी।
सांसद चुन्नीलाल साहू का आरोप है कि रिटर्निंग अफसर की तबीयत यदि खराब होती है तो उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी या कर्मचारी को जिम्मेदारी देनी चाहिए। चुनाव जैसे संवेदनशील मामले में इस तरह से लापरवाही बरती जा रही है जिसकी शिकायत राज्य और केंद्रीय निर्वाचन आयोग से की जाएगी।
जिला वनोपज संघ के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में संचालक मंडल सदस्य का चुनाव लडऩे वाले भाजपा नेता हितेश चंद्राकर सहित सांसद चुन्नीलाल साहू ने प्रबंधकों और अध्यक्षों को चुनाव को लेकर धमकाने का आरोप लगाया है। इस आरोप पर स्थानीय विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि ये भाजपाइयों का मनगढ़ंत आरोप है। अब तक कोई प्रबंधक सामने क्यों नहीं आए।निर्वाचन आयोग रायपुर की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार 10 जून से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होनी थी।
लिहाजा कल शुक्रवार की सुबह जिला वनोपज संघ के संचालक मंडल के लिए 11 सदस्यीय भाजपा समर्थित प्रत्याशी वन विभाग के दफ्तर पहुंचे। लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि रिटर्निंग अफसर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे अवकाश पर चले गए हैं। इसके बाद भाजपा के लोग नाराज हो गए और परिसर में ही नारेबाजी करने लगे।
इस मामले को लेकर सभी लोग डीएफ ओ पंकज राजपूत से मिलने पहुंचे। इस दौरान सांसद चुन्नीलाल साहू, जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, भाजपा नेता शंकर अग्रवाल, सरला कोसरिया, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, प्रीतम दीवान, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा, संचालक मंडल का चुनाव लडऩे वाले पूर्व वनोपज संघ अध्यक्ष हितेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे। चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होनी थी। ऐसे में भाजपा समर्थित संचालक मंडल के सदस्यों के साथ ही प्राथमिक समितियों के अध्यक्षों को बस और अन्य गाडिय़ों में भाजपा कार्यालय लाया गया था।