‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून। जिले से गुजरने वाली हाइवे में तुमगांव के पास स्थित गांव खैरझिटी, कौंवाझर, मालीडीह किसानों ने महासमुंद जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर 6 जून को ज्ञापन सौंपा। जिलाधीश कार्यालय में पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय मांग किसानों ने कलेक्टर कार्यालय के भू अभिलेख शाखा के भृत्य दीपक राय को सौंपा।
मालूम हो कि कृषि भूमि, वन भूमि, गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगाने के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों का अखण्ड धरना सत्याग्रह जारी है। कल सत्याग्रह के 102 वें दिन अखण्ड धरना सत्याग्रह के 100 पूरा होने के समर्थन में सत्याग्रही किसानों ने 12 बजे महासमुंद शहर में किसान मार्च का आयोजन किया। जिसका नेतृत्व राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे, प्रवक्ता जागेश्वर प्रसाद, प्रदेश किसान नेता वेगेन्द्र सोनवेर, लालाराम वर्मा, छन्नू साहू, श्रीधर चंद्राकर, डा.पंचराम सोनी, बृजबिहारी साहू, अशोक कश्यप, नंदकिशोर यादव आदि ने किया।
कल दोपहर 12 बजे सत्याग्रही महिला किसान, किसान एवं जवान दोपहर 12 बजे लोहिया चौक में एकत्रित हुए जहां सभा हुई। सभा को राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे, जागेश्वर प्रसाद, वेगेन्द्र सोनवेर, लालाराम वर्मा, श्रीधर चंद्राकर, छन्नू साहू, गोवर्धन वर्मा, नंदकिशोर यादव, चैनुराम साहू, जीवनलाल साहू, नंदलाल सिन्हा, तारेंद्र यादव, नंदकुमार साहू, अखलराम साहू, परसराम ध्रुव, शत्रुघन साहू, डिगेश्वरी चंद्राकर, ननकुनिया पारधी, राधबाई सिन्हा, नीरा ध्रुव, सरपंच डेजीरानी नेताम आदि ने संबोधित किया।
किसानों को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने कहा कि महासमुंद जिले के कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट के निजी नौकर की तरह काम कर रहे हैं, जो अप्रजातांत्रिक और अशोभनीय है। किसान मोर्चा इस कृत्य की घोर निंदा करती है। महासमुंद जिले के पटवारी से लेकर तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर सभी लालच में आकर आदिवासी भूमि, काबिल कास्त भूमि, वन भूमि, चारागाह भूमि को रजिस्ट्री करने में संलिप्त हैं। इसकी जांच व कार्यवाही करने के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं आयुक्त रायपुर को ज्ञापन दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि 11 जून तक किसानों की मांगों पर उचित एवं त्वरित कार्यवाही नहीं हुई तो खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह एवं कुकराडीह चारों गांवों में बंद का आयोजन किया जाएगा। प्रथम चरण में ये गांवों के बाद दूसरे चरण में नगर पंचायत तुमगांव और भविष्य में महासमुंद जिला एवं राजधानी रायपुर में भी बंद की कार्यवाही की जाएगी। सभा के पश्चात दोपहर 3 बजे हजरों सत्याग्रही किसान लोहिया चौक से जिलाधीश कार्यालय की ओर किये। जिलाधीश कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधीश कार्यालय के भू अभिलेख शाखा के भृत्य दीपक राय को सौंपा गया।