महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जून। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 का महासमुंद जिले के जनसूचना अधिकारी जानबूझकर अवहेलना कर रहे हैं। इस संबंध में जुर्माने को लेकर छत्तसीगढ़ में लगभग दस खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं। आज की यह 11 वीं खबर है जिसमें मांग पत्र के अनुसार आवेदक से राशि प्राप्त करके भी सूचना दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण सचिव ग्राम पंचायत झगरेनडीह साहेबलाल चौहान को आयोग ने 25000 रुपए जुर्माना लगाते हुए मामले की जांच कर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की अनुशंसा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने जनसूचना अधिकारी एवं सचिव ग्राम पंचायत झगरेनडीह से 14 नवम्बर 2019 को सूचना दस्तावेज की मांग की। जनसूचना अधिकारी ने 13 दिसम्बर 2019 को सूचना दस्तावेज शुल्क 3000 रुपए जमा करने का मांगपत्र भेजा। आवेदक ने 17 दिसम्बर 2019 को राशि जमा कर दिया। लेकिन इसके बाबजूद सूचना दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया।
आवेदक ने 03 मार्च 2020 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जपं पिथौरा में प्रथम अपील आवेदन प्रस्तुत किया। प्रथम अपील में 07 दिवस के भीतर पंजीकृत डाक से आवेदक को सूचना दस्तावेज उपलब्ध कराने का आदेश पारित हुआ। लेकिन सीईओ जपं पिथौरा स्वयं के पारित आदेश का पालना नहीं करा पाए।
जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी के कार्यशैली से क्षुब्ध होकर आवेदक ने छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में दिनांक 25 जुलाई 2020 को द्वितीय अपील दायर किया। मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत ने उक्त प्रकरण में दिनांक 12 मई 2022 को सुनवाई में पाया कि अपीलार्थी से दस्तावेज राशि लेकर भी समयसीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराया गया, जो सूचना का अधिकार अधिनियम के विपरीत है। इसलिए पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना कराने का आदेश पारित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा को 25,000 जुर्माना राशि जनसूचना अधिकारी साहेबलाल चौहान के वेतन से वसूल करके नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराये जाने हेतु निर्देशित किया है।
सूचना आयोग ने धारा 20(2) के तहत सीईओ जिला पंचायत महासमुंद को अनुशंसा किया है कि प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का पालन नहीं करने और आवेदक से राशि लेकर समय सीमा पर सूचना दस्तावेज दस्तावेज उपलब्ध नहीं करने के कारण साहेबलाल चौहान के विरूद्व नियमानुसार जांच कर दोषी पाये जाने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाये। जानकारी अनुसार सचिव साहेबलाल चौहान ने आवेदक से दस्तावेज शुल्क 3000 जमा करके भी सूचना दस्तावेज नहीं दिया। जब सचिव को सूचना आयोग का नोटिस मिला तब मात्र 18 पृष्ठ दस्तावेज के साथ 3000 रुपए 15 महिने बाद आवेदक विनोद दास को वापस कर दिया।
जब 18 पृष्ठ दस्तावेज था तो 36 रुपए की बजाय 3000 रुपए सचिव ने जबरन क्यों मांग किया, इसमें आवेदक ने सूचना आयोग में आपत्ति किया। मुख्य सूचना आयुक्त ने भी इसमें गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया है।