महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 जून। महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत अमलोर के आश्रित गांव केडियाडीह स्थित प्राथमिक शाला भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है। पिछले कई साल से यहां के ग्रामीण और अभिभावक नवीन भवन की मांग कर रहे हैं।
आगामी 16 जून से शिक्षा सत्र फिर से शुरू होने वाला है, लेकिन स्कूल भवन की कोई भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीण लामबंद होकर कल शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्राथमिक शाला के लिए नवीन भवन की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से नवीन भवन की मांग की जा रही है। भवन इतना जर्जर हो गया है कि बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और अप्रत्याशित घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।