पहले प्लान बनाया, दिन भर रेकी की, फिर रात को चोरी की घटना को अंजाम दिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। बसना के बुलबुल ज्वेलरी शॉप में 16 दिन पूर्व हुए चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। इसके पास से टीम ने 350.2 ग्राम सोना, 70 ग्राम चांदी के आभूषण कीमती 17 लाख व नगदी 17 हजार 200 रुपए जब्त किया है। चोरी के सामान को आरोपी ने अपने घर में गड्ढा खोदकर गाड़ रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह शिरडी चला गया था। जहां चोरी के पैसे से उसने मोबाीइल भी खरीदा है। इसका खुलासा पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कल बुधवार शाम को पुलिस कंट्रोल रूम में किया।
कल शाम साढ़े पांच बजे स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कांफ्रेंस में एसपी भोज राम पटेल, साईबर प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि दिनांक 9 अगस्त को प्रार्थी अकाश अग्रवाल पिता प्रमोद अग्रवाल ने थाना बसना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह पदमपुर रोड बसना में बुलबुल ज्वेलर्स का संचालन करता है। उसी कॉम्पलेक्स में उसके भाई विकास अग्रवाल का इलेक्ट्रीकल्स का दुकान भी है। दिनांक 8 अगस्त को रात्रि में 9 बजे अपने दुकान को ताला बंद कर घर चला गया था। अगले दिन दिनांक 9 अगस्त को सुबह 9 बजे दुकान के सामने का शटर खोल कर अन्दर गया तो देखा कि ज्वेलरी शॉप व साईड का शटर का ताला टूटा हुआ है। अन्दर ज्वेलरी स्टाक बॉक्स बिखरा व खाली पड़ा था। ड्राज एवं गल्ला टुटा हुआ था तथा गल्ले में रखे नगदी रकम नहीं था। इसके अलावा उनके इलेक्ट्रानिक दुकान का भी गल्ला टूटा हुआ था जिसमें रखे नगदी रकम नहीं था।
पुलिस छानबीन में पाया गया कि अज्ञात चोर ने रात छत के ऊपर शटर तोड़ कर दुकान अन्दर घुसा और दुकान में रखे सोने के आभूषण वजनी करीबन 350 ग्राम एवं कुछ चांदी के आभूषण कीमती करीब 17 लाख रुपए व नगदी रकम 50 हजार रुपए चुरा लिए हैं।
अत: प्रार्थी की लिखित रिपोर्ट पर थाना बसना महासमुंद में अपराध 415-22 धारा 457, 380 भादवि पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।
खबर पाकर पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल खुद ही घटना स्थल पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण कर उन्होंने साइबर सेल, थाना बसना की टीम को आरोपी की पता तलाश करने हेतु निर्देशित किया।
आरोपी को ढूंढने पुलिस ने चार टीमों का गठन किया। अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली विकास पाटले, थाना बसना प्रभारी कुमारी चन्द्राकर, संजय राजपूत प्रभारी सायबर सेल, प्रकाश नंद व ललित चन्द्रा ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
घटना के निरीक्षण के दौरान पुलिस को घटना में प्रयुक्त पेचकस, छत के ऊपर सिन्टैक्स पानी टंकी में बरसाती कपड़ा एवं जिन्स पैन्ट शर्ट मिला।
पुलिस पड़ताल में जुटी थी तभी मुखबीर से सूचना मिली की प्राप्त सीसीटीवी फूटेज में कैद छायाचित्र व्यक्ति का हुलिया कन्हैय्या साहू जो बोरियाकला रायपुर में रहता है, से मिलता है। इस दौरान इस बात की भी जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में भी चोरी के प्रकरणों में जेल जा चुका है।
इस तरह मुखबिर की मदद से 23 अगस्त को बोरियाकला रायपुर जाकर उक्त संदेही को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपी ने पुलिस को अपना नाम कन्हैय्या साहू उर्फ कान्हू उम्र 34 वर्ष साकिन बोरियाकला थाना शेजबहार जिला रायपुर का होना बताया और अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग था तभी से चोरियां करते आ रहा है। पूर्व में रायपुर में एक.दो बार चोरी किया था। जेल भी गया था। इस बार उसने महासमुंद जिले में चोरी का प्लान बनाया और रेकी शुरू की। फिर योजना बनाकर रायपुर से ताला तोडऩे का औजार पेचकस, छिनी, हथौड़ी आदि खरीद कर 8 अगस्त को बस में बैठकर सरायपाली होते हुये बसना पहुंचा।
घटना की तारीख को दिन में रेकी कर रात्रि होने का इंतजार किया। दुकान बंद होने के बाद रात्रि 11:30 बजे दुकान के पीछे तरफ से छत ऊपर चढक़र छत में लगे शटर को काटकर दुकान अन्दर प्रवेश किया। स्टाक बॉक्स में रखे सोने के आभूषण व चांदी के आभूषण व गल्ले में रखे नगदी रकम को चोरी किया। सुबह करीब 5 बजे बसना से बस बैठ कर रायपुर आ गया। सोने व चांदी आभूषणों घर की बाड़ी में जमीन के नीचे गड़ा दिया। नगदी पैसे से मोबाइल खरीदा। आरोपी के कब्जे से सोने व चांदी के आभूषण 350.2 ग्राम क्रमश: 70 ग्राम चांदी के आभूषण 17लाख कीमती व नगदी रकम 17 हजार 200 रुपए बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम को 10 हजार रुपए नगद पुरूस्कार देने की घोषणा की है।
( घटना को अंजाम देने के पूर्व आरोपी रेकी करने सरायपाली गया। वहां सांई ज्वेलर्स की पूरी तरह रेकी की। इसके बाद वह बसना आया और बुलबुल ज्वेलर्स को चुना। क्योंकि दुकान काफी बड़ी थी। हार्डवेयर व इलेक्ट्रिकल की दुकान एक साथ थी। इस दुकान के सामने शंकर भगवान का मंदिर था। सावन सोमवार को लेकर घटना के वक्त रात में भजन कीर्तन चल रहा था। इसलिए उसने बुलबुल ज्वेलर्स को चुना। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लोगों से सावधान रहें और पुलिस को सूचना दें। )