‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितम्बर। सब्जियों के दाम एक बार फिर आसमान छू रही हैं। पखवाड़े भर पहले जो सब्जियां महज 20-25 रुपए किलो मिल रही थीं, अब 50 पार हो गई हैं। सब्जियों की देखादेखी टमाटर भी लाल हो गया है। फूल गोभी आज डेढ़ सौ रुपए किलो बिक रही है। आज सुबह से महासमुंद बिन्नी बाई सब्जी बाजार में 10 रुपए मिलने वाला टमाटर 60 रुपए प्रति किलो में बिकने लगा है।
कुछ दिनों से दाम बढ़ते ही थालियों से टमाटर की चटनी नहीं दिख रही है। सब्जियों के बढ़े दाम से लोग टमाटर से अपना काम चला रहे थे,लेकिन टमाटर के दाम ने रसोई का जायका खराब किया हुआ है। सब्जियों की कीमत में बढ़ोत्तरी को लेकर सब्जी बेचनेवालों का कहना है कि कई राज्यों में बारिश से बाढ़ की स्थिति है। बाढ़ के कारण सब्जी फसल बह गई है। यही कारण है कि अन्य राज्यों से न तो सब्जियां आ रही है और ना ही टमाटर।
रही बात लोकल टमाटर और सब्जियों की, तो लोकल आवक भी बेहद कम है। सब्जी संघ के अध्यक्ष संतोष चंद्राकर का कहना है कि बाढ़ की वजह से ऐसी स्थिति निर्मित हुई है। लोकल सब्जियां व टमाटर पर्याप्त नहीं है।
जानकारी के अनुसार बाजार में फूल गोभी डेढ़ सौ रुपए किलो, लौकी 40, पत्तागोभी 50, करेला 60, बरबट्टी 40, ग्वांरफल्ली 60, धनिया पत्ती 200 रुपए किलो, मिर्ची 60 रुपए, परवल 40, शिमला मिर्च 60, बैगन 60 रुपए किलो के भाव से बिक रहा है।
कहा जा रहा है कि सब्जियों के दाम अभी 15 दिन और बढ़े रहेंगे। इसके बाद ही लोकल आवक की मात्रा बढ़ेगी। वहीं अन्य राज्यों से भी सब्जियों की आवक बनेगी। व्यापारियों के साथ ही ग्राहकों को आगामी अक्टूबर माह से बाजार में शुरू होने वाले स्थानीय आवक का इंतजार है। क्योंकि स्थानीय आवक शुरू होने के साथ ही दाम में गिरावट आएगी।
फूल गोभी डेढ़ सौ रुपए किलो, लौकी 40, पत्तागोभी 50, करेला 60, बरबट्टी 40, ग्वांरफल्ली 60, धनिया पत्ती 200 रुपए किलो, मिर्ची 60 रुपए, परवल 40, शिमला मिर्च 60, बैगन 60 रुपए किलो