महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। बीते 20 सालों में कल पहली बार महासमुंद नगर पालिका की टीम अहिंसा द्वार से गांधी चौक के बीच अतिक्रमण, स्वच्छता व अन्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए निकली। इस दौरान इस मार्ग में अतिक्रमण करने वालों पर पालिका सख्त दिखी और तत्काल अतिक्रमण हटाया भी। अतिक्रमण हटाने के दौरान पालिका की टीम व व्यापारियों के बीच नोंक-झोंक हुई लेकिन पालिका की टीम ने व्यापारियों द्वारा किया अतिक्रमण हटाया। सडक़ की ओर बढ़ाकर व्यापारियों द्वारा बनाये गए स्वागत गेट, सामान आदि को न सिर्फ तोड़ा गया बल्कि हिदायत भी दी गई कि यदि सामान बाहर निकलेगा तो सख्त कार्रवाई होगी।
मालूम हो कि इससे पहले हर बार कार्रवाई के लिए पहल होती थी लेकिन मेन रोड में ही पालिका कार्रवाई कर वापस लौट जाती थी।
इस बार बाजार की पूरी गलियों में टीम ने घूम-घूमकर व्यापारियों को समझाईश दी और बेवजह सडक़ों पर रखे ठेले-खोमचे को जब्त किया।
स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा के अभियान के तहत नगर पालिकाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग के साथ पालिका की टीम कल विभिन्न गलियों में निकली। नेहरू चौक स्थित अहिंसा द्वार से गांधी चौक तक स्थित दुकानों के बाहर सामान रखकर व्यापार करने वाले व्यापारियों को समझाईश दी।
मालूम हो कि नपाध्यक्ष ने सप्ताहभर पूर्व पालिकाकर्मियों, यातायात पुलिस और व्यापारियों के साथ बैठक लेकर व्यवस्था में सुधार की अपील की थी। इसके लिए शहर के व्यापारियों को 5 दिन का समय दिया गया था। कल गांधी चौक स्थित एक ज्वेलर्स दुकान संचालक द्वारा दुकान के बाहर ग्राहकी के लिए लगाए गए स्थाई होर्डिंग व स्वागत गेट को लेकर व्यापारियों और नपा अमले के बीच जमकर नोक झोंक हुई।
समय देने के बाद भी होर्डिंग नहीं हटाने पर पालिका ने तोडऩे की कार्रवाई की।