महासमुन्द

सब्जी बाजार के निर्माणाधीन शौचालय में शराब मिला
26-Aug-2022 6:41 PM
सब्जी बाजार के निर्माणाधीन शौचालय में शराब मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 अगस्त। महासमुंद बस स्टैंड के पास स्थित बिन्नी बाई सब्जी मार्केट में पुलिस पिकेट के महज 100 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन शौचालय के एक कमरे में शराब का जखीरा मिला है। इसे लेकर स्थानीय नागरिक लगातार शिकायत कर रहे थे। इसका खुलासा गुरूवार को नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता व सुरक्षा अभियान के दूसरे दिन की कार्रवाई में हुआ। टीम को इस भवन से 10 बोरी प्लेन शराब की खाली शीशी और एक सब्जी कैरेट में 45 नग देशी प्लेन शराब की शीशी मिली। इसके बाद टीम ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने भरी शीशी को कब्जे में लिया। जब्त शराब की कीमत 4500 रुपए ही आंकी गई है।

खबर तो यह भी है कि टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही बड़ी मात्रा में शराब की खेप यहां से हटा दी गई। मामले में जानकारी के लिए जिला आबकारी अधिकारी विजय सेन शर्मा को फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि यहां से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थी। जब टीम कार्रवाई के लिए बस स्टैंड पहुंची और भवन का ताला खुलवाया तो 1 कैरेट देशी प्लेन शराब व 8 से 10 बोरी खाली शीशी मिली। कार्रवाई के दौरान उक्त भवन को जेसीबी के माध्यम से ढहा दिया गया।


अन्य पोस्ट