महासमुन्द
संसाधनों को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने ली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। नेशनल मेडिकल कमीशन एनएमसी ने 19 अगस्त को महासमुंद के शासकीय मेडिकल कॉलेज को लेटर ऑफ परमिशन जारी किया था। सोमवार से वर्किंग डे शुरू होते ही बैठक लेकर बचे हुए कामों और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने तैयारियों का खाका खींच लिया है।
प्रबंधन का कहना है कि नीट का परिणाम अगस्त के अंतिम दिनों तक जारी हो सकते हैं। वहीं सितंबर से प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रकिया के साथ विद्यार्थियों के प्रवेश शुरू हो जाएंगे। ऐसे में अगस्त माह तक ही सभी तैयारियों और बचे हुए कार्यों को पूरा कर लेना होगा ताकि प्रवेश के बाद महासमुंद में सही समय पर एमबीबीएस के पहले बैच की पढ़ाई शुरू हो सके।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को कॉलेज प्रबंधन के अधिकारियों की पहली बैठक डीएमई कार्यालय में आयोजित हुई। जहां शैक्षणिक सत्र शुरू करने, प्रवेश प्रक्रियाओं, अस्पताल के लिए नई मशीनों, नई भवन और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। नीट का परिणाम 28 अगस्त तक आने की संभावना है। लिहाजा एलाओपी मिलते ही महासमुंद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अपने पहले बैच के स्टूडेंट्स के स्वागत के लिए तैयारी कर रहा है।
इसी के तहत कैम्पस को इन दिनों संवारने का काम चल रहा है। कैम्पस के बाहर बारिश के कारण बागवानी और क्यारियों की साफ.सफाई के साथ हॉस्टल व लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में कॉलेज के हिस्से में भी साफ सफाई और कैम्पस को निखारने का कार्य किया जा रहा है। वहीं कॉलेज व अस्पताल के सुचारू कार्य के लिए जरूरी टेंडर के कार्य भी इन दिनों किए जा रहे हैं। साथ ही एनएमसी द्वारा निर्देशित सीटी स्कैन को भी जल्द ही इंस्टॉल करने के लिए सीजीएमएससी को कहा गया है।