महासमुन्द

आबकारी विभाग पर मारपीट का आरोप, फर्जी शराब प्रकरण बनाकर घर से 40 हजार भी ले गए
26-Aug-2022 2:51 PM
आबकारी विभाग पर मारपीट का आरोप, फर्जी शराब प्रकरण बनाकर घर से 40 हजार भी ले गए

पीडि़त परिवार ने की शिकायत, सुरक्षा देने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद/पिथौरा, 26 अगस्त।
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में निवासरत एक परिवार ने आबकारी विभाग पर मारपीट का आरोप लगाते हुए  पुलिस से शिकायत की है कि आबकारी अमला पीडि़तों पर फर्जी शराब प्रकरण बनाकर घर से 40 हजार रुपए भी ले गया। एसडीओपी ने कहा है कि मामले की जांच होगी और आरोपियों पर मामला दर्ज किया जाएगा, जांच शुरू हुआ है।

जानकारी मिली है कि ग्राम पिथौरागढ़ के रहने वाले मानिक पाली ने चौकी सिंघोड़ा में मामले की शिकायत की है कि 24 अगस्त को दोपहर 3 बजे उनके घर आबकारी विभाग का दल पहुंचा, जिसमें 5 पुरुष और एक महिला अधिकारी थे। सभी बिना किसी पूर्व सूचना घर में पहुंचे थे। सभी ने घर में घुसकर खोजबीन की, तब घर में दो महिला एवं एक पुरुष सदस्य ही थे। जांच के दौरान दल ने बिरो बाघ का आधार कार्ड, जयंती का वोटर आईडी कार्ड और घर में रखे नगद 40 हजार रुपए निकाल लिए और अपने साथ ले गए।

प्रार्थी मानिक पाली ने पुलिस को बताया है कि उक्त जांच में घर के भीतर शराब अथवा संदिग्ध सामान नहीं मिल पाया था। आबकारी विभाग के लोगों ने ही अपने पास रखे शराब को घर के दरवाजे के सामने रखकर फोटो खींचा और बुजुर्ग बिरो बाघ को अपने साथ गांव के बाहर ले जाकर मारपीट की। उसे शराब अपना है कहने को कहा।

इसके बाद आबकारी अमला दुबारा घर आया और परिवार में सभी का हस्ताक्षर लिया, फिर सभी चले गए। आबकारी विभाग के एक कर्मचारी ने स्वयं अपने हाथ से अपना मोबाइल नंबर 7974678635 जगन्नाथ बिहार लिखकर दिया और सुबह 20 हजार रुपए लेकर आने कहा, अन्यथा घर के सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की धमकी दी।

आवेदन में लिखा है कि जांच के दौरान घर के पुरुष सदस्य भोलानाथ बाघ, राजकुमार बाघ घरेलू कार्य से बाहर गए हुए थे।  49 हजार रुपए 22 अगस्त को बैंक से निकाला था, जिसमें 9 हजार खर्च करने के बाद 40 हजार रुपए शेष बचा था, जिसे आबकारी विभाग के लोग ले गए। पीडि़त परिवार ने आबकारी विभाग द्वारा घर से ले गए 40 हजार रुपए वापस दिलाने एवं सुरक्षा देने की मांग की है।

इस मामले में सरायपाली एसडीओपी विकास पाटले ने कहा है कि शिकायत आई है। जांच पड़ताल करने के बाद ही सत्यता का पता चल पाएगा। मामले की जांच की जाएगी।


अन्य पोस्ट