‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। महासमुंद जिले के किशनपुर गांव में इन दिनों हजारों की तादात में श्रध्दालु स्वप्रकट शिवलिंग में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। यहां एक खेत की मेढ़ पर एक पेड़ के नीचे शिवलिंग है। आज सुबह से ही किशनपुर से खैरखुंटा जाने वाली सडक़ के दोनों छोर में अनेक तरह की दुकानें सजी हुई हैं। महिलाओं के शृगांर सामाग्री, आइक्रिम, खिलौने, गुपचुप, चाट, चाय, नास्ता,कपड़े की दुकान, टेटू, गोदना, कांसे-पीतल के सामान, बांस से निर्मित घरेलू उपयोग के सामानों की दुकानें लगी हुई हैं। यहां मड़ई-मेले जैसा माहौल है।
‘छत्तीसगढ़’ ने शिवजी को लेकर गांव के लोगों से बातचीत की। गांव के लोगों का कहना है कि लिंगराज बारीक के खेत में एक पेड़ के नीचे शिवलिंग प्रकट हुए हैं। प्रकट होने से पहले गांव के शौकीलाल सेठ को सपने में पता चला कि उक्त स्थान पर शिवलिंग है। शौकीलाल सेठ ने 28 जुलाई 2022 को हरियाली अमावस्या के दिन खेत में उसी पेड़ के नीचे पूजा के लिए साफ-सफाई शुरू की। उस वक्त वहां एक शिवलिंग आकार का काला पत्थर दिखाई दिया। शौकीलाल सेठ ने उस पत्थर की पूजा-अर्चना की और अपने घर वापस लौट आए।
गांव वापस आकर उन्होंने ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी दी। बस फिर क्या था, इसके बाद धीरे-धीरे ग्रामीण भी वहां पहुंचने लगे और भीड़ बढ़ते गई। आसापस गांवों के लोग भी इस स्वप्रकट शिवलिंग की पूजा, आरती, जलाभिषेक करने लगे। लोग तो यहां तक कहने लगे हैं कि इस शिवलिंग लिंगेश्वर महादेव का पूजा करने से मांगी मुराद पूरी होने लगी है।
गांव वाले बताते हैं कि शिव जी लिंगराज बारीक के खेत में महादेव प्रकट हुए हैं। इसलिए ग्रामीणों ने एकराय होकर उनका नाम लिंगेश्वर महादेव रखा है। अब तो हालात यह है कि छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलों के अलावा ओडिशा, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तरप्रदेश से भी लोग यहां शिवजी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। वैसे तो यहां रोज ही श्रध्दालुओं की भीड़ जुटती है लेकिन सोमवार को यह भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। शिवजी के दर्शन के लिए लगभग दो किलोमीटर लंबी कतार में लोग कई घंटे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर करते हैं।
यहां पहुंचने पर यह भी जानकारी मिली कि लिंगेश्वर महादेव में श्रध्दालु प्रति दिन कई हजार रुपए का चढ़ावा चढ़ाते हैं। जिसका हिसाब ग्रामीण प्रत्येक मंगलवार शाम करते हैं। चढ़ावे के पैसे को सुरक्षित रखने के लिए शौकीलाल सेठ एवं हेमसागर प्रधान के नाम से बैंक में संयुक्त खाता खोला गया है। हर हप्ते उस बैंक खाते में पूरी राशि जमा कर दी जाती है। आगे चलकर इसी राशि से मंदिर निर्माण होगा।
श्रध्दालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने एवं अन्य व्यवस्था को लेकर ग्राम किशनपुर के महिलाएं भी हमेशा साछथ देती हैं। राधिका बारीक, आल्हदिनी नायक, भुमिसुता बारीक, गोपिका बारीक, सुजाता बारीक, सुरेंद्री बारीक, जतनशिला बारीक, गंर्धबी बारीक, भगवती ठाकुर, अर्चना साहू, इला बारीक, संजूकला, महेंद्री सेठ, चंदनतुला सेठ, यशस्वी नायक, पंकजीनी बारीक एवं हिंगल बारीक, नरेश नायक, लिंगराज बारीक, दुबराज बारीक, अक्षित बारीक, इंद्रजीत बारीक, दिनेश बारीक, जयकृष्ण सेठ, भूषण बारीक, गोकुल बारीक, नरेंद्र बारीक, खिरोद बारीक, राकेश बारीक, रामबिहारी प्रधान, हृषिकेश बारीक, बलराम साहू, अग्नि साहू, करण सेठ, अनिल बारीक, निलेश नायक सेवा में लगे हुए हैें।