महासमुन्द

सरायपाली नपा का एक वार्ड दो महीने से पीने के पानी के लिए जूझ रहा
09-Nov-2022 3:21 PM
सरायपाली नपा का एक वार्ड दो महीने से पीने के पानी के लिए जूझ रहा

सीएमओ को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, कोई बात नहीं सुनता-सलूजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर।
महासमुंद जिले की सरायपाली नगर पालिका में पेयजल की समस्या से वार्ड क्रमांक 11 के निवासी पिछले दो महीने से जूझ रहे हैं। इसकी शिकायत वार्डवासियों और पालिका अमले से की जा चुकी है। इसके बावजूद पानी की सप्लाई सुचारू नहीं हो पा रही है। इससे वार्डवासियों में वार्ड पार्षद और पालिका प्रशासन दोनों के प्रति गहरी नाराजगी है।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक सरायपाली नगर पालिका में पुरानी मंडी परिसर में स्थित ओवर हेड टैंक से आस पास के वार्डों में पानी की सप्लाई होती है। मगर पिछले दो महीने से वार्ड 11 के निवासियों को पानी की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस वार्ड में तकरीबन एक हजार मतदाता हैं। वहीं लगभग 15 सौ से ज्यादा आबादी इस ओवर हेड टैंक से होने वाली पानी सप्लाई पर निस्तारी के लिए आश्रित हैं। जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत घरों में समस्या बनी हुई है।

इस संबंध में वार्ड पार्षद स्वर्ण सिंह सलूजा का कहना है कि उनके द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को समस्या से अवगत कराया जा चुका है मगर ना तो अध्यक्ष उनकी बात को सुन रहे और ना ही सीएमओ सुन हैं। लिहाजा समस्या जस की तस बनी हुई है।
 


अन्य पोस्ट