महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान उपयोग होने वाले सहायक सामग्रियों सुतली, ताल पत्री, कवर, रंगरोगन आदि जरूरत के सामानों की समितियों में तीन गुना दर पर केन्द्रीकृत खरीदी कर करोड़ों का भ्रष्टाचार किया जा रहा है। यह आरोप जिला पंचायत सदस्य अलका चंद्राकर ने लगाया है। आरोप लगाते हुए उन्होंने यह भी कहा कि इस मनमानी का खामियाजा अप्रत्यक्ष तौर पर किसानों को ही भुगतना पड़ेगा।
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 सदस्य अलका चंद्राकर का कहना है कि राज्य सरकार खुद को किसान हितैषी बताती है वहीं दूसरी तरफ किसानों की प्राथमिक कृषि सहकारी संस्था सोसायटी में केंद्रीकृत खरीदी कर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। धान खरीदी के मद्देनजर सोसाइटी के रंग रोगन, बारदाना सिलाई, बारदाना में मार्का लगाने, सुतली, ताल पत्री, कवर आदि की खरीदी सीधे राज्य स्तर से 3 गुना दाम में खरीद कर स्थानीय सोसाइटी भेजा जा रहा है। जिससे समितियों को कई गुना अधिक आर्थिक भार पड़ रहा है। इस केन्द्रीकृत खरीदी का खामियाजा अप्रत्यक्ष तौर पर किसानों को ही भुगतना पड़ेगा।
उनका कहना है कि केवल खल्लारी विधानसभा के सोसाइटी में सामग्री खरीदी का आकलन करें तो कई करोड़ और पूरे प्रदेश में केंद्रित खरीदी का हिसाब करें तो अरबों रुपए का घोटाला सामने आएगा। उन्होंने कहा कि खुद को किसान हितैषी बताने वाली सरकार गांव में गिरदावरी के नाम पर रकबा कटौती करवा रही है। जिसकी वजह से खल्लारी के कई ग्रामों में किसानों का संपूर्ण रकबा शून्य कर दिया गया है।
अलका ने कहा कि उक्त खरीदी मामले में दुर्ग जिला केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं उच्च अधिकारियों के ऊपर कार्रवाई चालू हो गई है।