महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 7 नवंबर। कार्तिक मास में दीपावली के बाद आंवला नवमी का विशेष महत्व रहता है, विगत 2 नवंबर से शुरू हुई आंवला पूजन 5 दिनों तक चलती है और 6 नवंबर को समापन को आंवला उत्सव के रूप में अंचल के अधिकांश गांवों में मनाया गया।
ग्रामीण अंचल की महिलाएं-पुरुष एक स्थान पर एकत्रित होकर आंवला वृक्ष की पूजा किये, एक तरह से यह आंवला पूजा से ग्रामीणों में एकजुटता दिखाई दी। विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर महिलाओं द्वारा आंवला की पूजा कर आंवला पेड़ के नीचे सामूहिक भोज किया गया।
आज ग्रामीण अंचल में अधिकांश गांव में महिलाएं आंवला वृक्ष के नीचे सुबह से पहुंच गये, जहां विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर आंवला वृक्ष की पूजा अर्चना की, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किये,कहा जाता है कि लक्ष्मी माता ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर विष्णु और भगवान शिव को भोजन करवाया। इसके बाद स्वयं भोजन किया, जिस दिन मां लक्ष्मी ने शिव और विष्णु की पूजा की थी, उस दिन कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि थी तभी से कार्तिक शुक्ल की नवमी तिथि को आंवला नवमी या अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाने लगा, यह उत्सव को 5 दिनों तक मनाया जाता है, जिसका रविवार को समापन हुआ। सबसे अधिक कृष्ण पक्ष के त्रयोदशी के दिन ही आंवला पूजा की जाती है और धूमधाम से पर्व के रूप में इसे बनाया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी से लेकर पूर्णिमा तक भगवान विष्णु आंवले के पेड़ पर निवास करते हैं इसलिए 5 दिनों तक आंवले वृक्ष की पूजा की जाती है।
आचार्य आशीष गौरचरण मिश्र ने बताया कि आंवला पूजा की शुरुआत आंवला नवमी से शुरू होती है और त्रयोदशी तक चलती है। आज लोग त्रयोदशी को आंवला वृक्ष कि पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना किये,कार्तिक मास में आंवला नवमी से त्रयोदशी के मध्य आंवले के वृक्ष की पूजा करने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है और व्रत रखने से संतान की प्राप्ति होती है.और आंवले पेड़ की पूजा कर 108 बार परिक्रमा करने से मनोकामनाएं भी पूरी होती है।