महासमुन्द

सरकारी काम में दखल: कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गए एक सत्याग्रही किसान को घंटों बिठाकर रखा
08-Nov-2022 3:01 PM
सरकारी काम में दखल: कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गए एक सत्याग्रही किसान को घंटों बिठाकर रखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 नवंबर।
बीते 257 दिनों से सत्याग्रह करने वाले किसानों में से करीब दर्जन भर किसान मुख्यमंत्री के ना ज्ञापन सौंपने कलेक्टोरेट गए तो व्यस्तता के कारण कलेक्टर उनसे नहीं मिले। इस पर किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद किसानों ने एडीएम के माध्यम से अपना ज्ञापन कलेक्टर को भेजा। इसके बाद पुलिस ने सरकारी काम में दखल का आरोप लगाकर एक किसान को हिरासत में भी लिया और कुछ देर बाद छोड़ भी दिया।

गौरतलब है कि पिछले 257 दिनों से तुमगांव हाईवे स्थित खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह के कृषि भूमि, गरीबों की काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगाने के विरोध में किसान सत्याग्रह कर रहे हैं। वे विगत 25 फरवरी 2022 से छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह कर रहे हैं।

कल अखंड सत्याग्रह के 257 वें दिन धान कटाई एवं सोसायटी में धान बेचाई की व्यस्तता के बाद भी लगभग 25 किसान व  जवान के अलावा किसान महिलाओं ने भाग सत्याग्रह में हिस्सा लिया।
कल के अखंड सत्याग्रह के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किसान नेता चैनुराम साहू, नंदलाल सिन्हा, नंदकिशोर यादव, नंदलाल पटेल, दशरथ सिन्हा, भोला यादव, तोषण सिन्हा, कौशल धीवर, रमेश विश्वकर्मा ने किया। इसके बाद दर्जन भर सत्याग्रही किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिलने महासमुंद पहुंचे। कलेक्टर ने उनसे मिलने से इंकार कर दिया। फिर किसानों ने एडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा।

इस दौरान सत्याग्रही किसानों ने नारेबाज भी की। जिसके चलते किसान सत्याग्रही चयन कुमार कौशिक को कोतवाली बुलाकर घंटों बिठा लिया गया। इसके बाद मोर्चा के कर्ता धर्ता अनिल दुबे ने रायपुर से मोर्चा संभाला और चयन कुमार कौशिश को नि:शर्त छुड़वाया।

उस मामले में नंदलाल पटेल ने कहा कि महासमुंद जिले के सभी अधिकारी महासमुंद जिले को भ्रष्टाचार का जंगल बना चुके हैं। यहां के अधिकारी उद्योगपति के व्यक्तिगत नौकर की तरह काम रहे हैं। जिसके कारण सत्याग्रही किसानों से लेकर आम जनता और किसानों को उचित न्याय नहीं मिल रहा है। दशरथ सिन्हा ने कहा कि अधिकारी पैसे के लालच में आकर गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट के निर्माण को शह दे रहे हंै।
 


अन्य पोस्ट