महासमुन्द
कहा-भारत जोड़ो यात्रा एक जन आंदोलन है
महासमुंद, 9 नवंबर। भारत जोड़ों यात्रा की तैयारी को लेकर नगर पालिका के सभाकक्ष में नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने युवा कार्यकर्ताओं की एक बैठक ली। आगामी 13 नवंबर 2022 को नगर में भारत जोड़ों यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में सभी समाज प्रमुखों, स्वतंत्रता सेनानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स, कर्मचारी संगठन, शिक्षाकर्मी, अधिवक्ता संघ, मुक्ति धाम सेवा समिति, मण्डी के हमाल रेजा संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे।
भारत जोड़ों यात्रा को लेकर कल मंगलवार को हुई बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने युवाओं से रायशुमारी की और यात्रा को लेकर सुझाव भी मांगे। नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 13 नवंबर 2022 की सुबह 10 बजे हाई स्कूल मैदान से निकलेगी जो शास्त्री चौक से होते हुए गांधी चौक के बाद अंबेडकर चौक में एक सभा होगी। इस मौके पर हिन्दू, मुस्लिम, सिख तथा ईसाई समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। बाद नयापारा शिव चौक, दलदली रोड, गुरुद्वारा होते हुए नेहरू चौक से हाई स्कूल मैदान में यात्रा का समापन होगा। बैठक के दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने सभी युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है और कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा एक जन आंदोलन है जिसका उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं भाईचारा बनाए रखना है।