महासमुन्द
रैली निकाल नामांकन दाखिल करने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूबर। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को महासमुंद में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के मन में राम के प्रति नहीं बल्कि बाबर के प्रति भक्ति थी। उन्होंने बाबर की ही पूजा की। राम मंदिर बने, इसके लिए कोशिश नहीं की। मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंतजार करना पड़ा। श्री मोदी ने बाबर की जगह राम मंदिर का निर्माण करा दिया। 75 सालों में कांग्रेस के किसी प्रधानमंत्री ने इसे क्यों नहीं बनाया?
भाजपा ने महासमुंद में गुरुवार को चारों प्रत्याशियों का एक साथ नामांकन दाखिल करने रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा के स्टार प्रचारक श्री सरमा कल शासकीय आदर्श बालक उमा शाला के मैदान में जिले के चारों प्रत्याशी महासमुंद से योगेश्वर राजू सिन्हा, खल्लारी से अलका चंद्राकर, बसना से संपत अग्रवाल, सरायपाली से सरला कोसरिया की नामांकन रैली को संबोधित कर रहे थे।
हजारों की संख्या में जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि माता कौशल्या का जन्म छत्तीसगढ़ में हुआ था। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण कार्य चल रहा है। देश भर के लोगों ने वहां माथा टेका। लेकिन मैंने देखा कि 3-4 साल में कांग्रेस का कोई नेता वहां नहीं गया। राहुल गांधी हर दिन मंदिर जाते हैं, लेकिन राम मंदिर नहीं जाते।
इसके पूर्व सभा को चारों प्रत्याशियों तथा सांसद चुन्नीलाल साहू व जिला भाजपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने संबोधित किया। हाईस्कूल मैदान से नामांकन रैली कलेक्टोरेट के लिए रवाना हुई। रैली में एक वाहन में भाजपा के चारों प्रत्याशी मौजूद थे।
रैली के साथ पहुंचे प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें से खल्लारी प्रत्याशी अलका चंद्राकर का नामांकन कुछ कमियों की वजह से जमा नहीं हो पाया। जबकि बसना प्रत्याशी संपत अग्रवाल, सरायपाली प्रत्याशी सरला कोसरिया का नामांकन जमा हो गया। महासमुंद प्रत्याशी योगेश्वर सिन्हा मुहूर्त में नामांकन जमा करने रैली से पहले ही कलेक्ट्रेट के लिए निकल गए थे।
चारों प्रत्याशियों के अलावा मंच पर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, इंद्रजीत सिंग गोल्डी, प्रीतम सिंग दीवान, लोचन पटेल, जगन्नाथ पाणिग्रही, डॉ.विमल चोपड़ा, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, संतोष उपाध्याय, अमरजीत छाबड़ा, संजय शर्मा, डा. एनके अग्रवाल, प्रेमशंकर पटेल, चंद्रहास चंद्राकर, संदीप दीवान, अखिलेश भोई, प्रदीप चंद्राकर, राकेश चंद्राकर,सिमि चंद्राकर, कुमारी भास्कर, मोती साहू उपस्थित थे।