महासमुन्द
सीएम निवास से लौटने के बाद कहा- समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के दबाव में नामांकन पत्र लिया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अक्टूबर। महासमुंद नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कल देर शाम पत्रकारों से मुलाकात कर स्पष्ट किया है कि वह अब कांग्रेस के साथ है। जकांछजे से नाम निर्देशन पत्र खरीदे जाने के बाद प्रत्याशियों की सूची में महासमुंद विधानसभा से रशि महिलांग के नाम की घोषणा भी जोगी कांग्रेस ने कर दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास से राशि महिलांग का बुलावा आया था। मान मनौव्वल के बाद आखिरकार राशि महिलांग ने कांग्रेस में ही रहकर 75 प्लस के लिए जुट गई हैं।
उन्होंने कहा कि महासमुंद से डॉ. रश्मि चंद्राकर का नाम आते ही महिलांग समर्थकों ने जोगी कांग्रेस से फार्म खरीदा था। वहां से बुलावा भी था, लेकिन मैंने किसी से मुलाकात नहीं की थी।
मालूम हो कि जोगी कांग्रेस की प्रत्याशियों की लिस्ट में राशि महिलांग का नाम देखते ही कांग्रेस में हडक़ंप मच गया था। राशि महिलांग को मनाने के लिए महासमुंद से लेकर रायपुर तक नेता डैमेज कंट्रोल में जुटे थे। इसी बीच उन्हें सीएम हाउस से बुलावा आया।
वहां से लौटने के बाद कल देर शाम श्रीमती महिलांग ने कहा कि उन्हें लेकर कांग्रेस मीडिया में चल रही खबरें बेबुनियाद हैं। जोगी पार्टी से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। गांव-गांव से मेरे समर्थक और कार्यकर्ता घर आकर चुनाव लडऩे के लिए अनुरोध कर रहे थे। कार्यकर्ताओं का उन पर भारी दबाव था, इसलिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे से नाम निर्देशन पत्र खरीदा था।
यह पूछने पर कि जकांछ जे ने तो आपको यहां से अपना प्रत्याशी तक घोषित कर दिया था। इस पर श्रीमती महिलांग ने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें मीडिया से हुई। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रश्मि चंद्राकर के कंधे पर हाथ रखते हुए राशि ने कहा कि रश्मि दीदी के साथ जिले के चारों सीटें जीतकर भूपेश बघेल की सरकार बनाना हमारा संकल्प है। रश्मि चंद्राकर ने भी कहा कि हम मिलकर काम करेंगे और भूपेश बघेल सरकार के साथ महासमुंद जिला और प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे।
मुख्यमंत्री निवास से राशि के साथ महासमुंद तक गजराज पगारिया भी पहुंचे थे। चर्चा के दौरान श्री पगारिया, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रश्मि चंद्राकर, नपाध्यक्ष राशि महिलांग, त्रिभुवन महिलांग, डॉ. विजय चंद्राकर वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
रश्मि चंद्राकर ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटों जीत कर कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाने के लिए सहयोग किया था। इस बार भी हम जिले की सभी चारों सीट जीतकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पुन: मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
गौरतलब है कि नपाध्यक्ष राशि महिलांग टिकट की बड़ी दावेदार थीं और टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रही थीं। उनकी नाराजगी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। दो दिन पूर्व उनके द्वारा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नाम से फार्म खरीदना काफी चर्चे में रहा।
ठीक इसके बाद जोगी कांग्रेस की सूची में महासमुंद विधानसभा प्रत्याशी के नाम पर उनके नाम की घोषणा कर दी गई थी। जोगी कांग्रेस के सुप्रीमो अमित जोगी ने भी सोशल मीडिया में इस बात का जिक्र किया था कि उनके प्रत्यशियों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेेल साम दाम दंड भेद की नीति अपना रहे हैं। कल शाम यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस नेत्री और नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे की टिकट पर यह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।