महासमुन्द

केरल में राष्ट्रीय विद्यार्थी जलवायु समागम
26-Oct-2023 3:08 PM
केरल में राष्ट्रीय विद्यार्थी जलवायु समागम

नर्रा स्कूल के विद्यार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 अक्टूबर। केरल में राष्ट्रीय विद्यार्थी जलवायु समागम 23 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा स्कूल के विद्यार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किया है। इस कार्यक्रम में स्कूल परिसर में विकसित किए गए माइक्रो फॉरेस्ट के कॉन्सेप्ट की काफी सराहना हुई है।

कहा गया कि जैव विविधता को बढ़ाने एवं छात्रों को पर्यावरण से व्यवहारिक रूप से जोडऩे में यह माइक्रोसाफ्ट कारगर होगा। केरल के वैज्ञानिकों ने इस विषय पर किए गए अध्ययन को निरंतर जारी रखने तथा विस्तृत रिपोर्ट जमा करने कहा है।

शासकीय कुलदीप निगम उच्च माध्यमिक विद्यालय नर्रा के अलावा केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित नेशनल स्टूडेंट्स क्लाइमेट चेंज कॉन्क्लेव 23 कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए देश भर के छात्र एक साथ आए। जलवायु परिवर्तन पर स्कूली छात्रों और विशेषज्ञों का एक साथ ऐसा आयोजन देश में एक अनूठा आयोजन रहा। इसमें छात्रों ने जलवायु परिवर्तन के विभिन्न पहलुओं पर अपने शोध पत्रों का वाचन किया।

नित्या देवांगन, दीपांशी साहू, उल्सी यादव, दिव्यांश साहू ने इफेक्ट ऑफ माइक्रो फॉरेस्ट ऑन बायोडायवर्सिटी कंपोजिशन एंड माइक्रो क्लाइमेट जैव विविधता संरचना और सूक्ष्म जलवायु पर सूक्ष्म वन का प्रभाव विषय पर अध्ययन कर एक सूक्ष्म शोध पत्र प्रस्तुत किया।

प्रस्तुतिकरण के दौरान उपस्थित निर्णायकों, केरल के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के मौसम वैज्ञानिक तथा केरल विश्वविद्यालय के पर्यावरण वैज्ञानिक ने छात्रों के लघु शोध प्रस्ताव की सराहना की तथा इसे निरंतर जारी रखने का सुझाव देते हुए कहा कि अगले छह माह बाद पुन: इनके विस्तृत अध्ययन परिणामों के साथ चर्चा होगी।

कॉन्क्लेव का उद्घाटन चीफ  सेक्रेटरी केरल शासन रानी जॉर्ज आईएएस और केरल के लोक निर्माण विभाग के मंत्री एडवोकेट जीआर अनिल ने किया।

 जिसमें केरल के मुख्यमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार और विक्रम साराभाई साइंस के पूर्व निर्देशक एमसी डेल्टन, स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्ट समग्र शिक्षा केरल सुप्रिया सहित प्रतिष्ठित वक्ता शामिल थे। उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने की तात्कालिकता पर जोर दिया केरल में 150 से अधिक मौसम स्टेशनों की स्थापना जैसी पहल के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस कार्यक्रम में 90 से अधिक सरकारी स्कूलों मेंपढऩे वाले बच्चों ने भाग लिया। इनमें से 450 से अधिक छात्रों ने अपने शोध पोस्टर और पेपर प्रस्तुत किए। कॉन्क्लेव के दौरान नर्रा के बच्चों ने तिरुवनंतपुरम के स्कूलों में स्थापित मौसम स्टेशन का दौरा किया।

कार्यक्रम के समापन में छात्रों और शिक्षकों को केरल के शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने केरल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का चिन्ह एवं प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि इस कॉन्क्लेव में प्रस्तुत किए गए सभी शोध कार्यों को पुस्तक के रूप में केरल के सभी सरकारी स्कूलों के पुस्तकालयों में रखा जाएगा,  ताकि भविष्य में छात्रों के लिए ये शोध पत्र संदर्भ के रूप में काम आ सकें।


अन्य पोस्ट