महासमुन्द

झमाझम बारिश: तालाब-खेत लबालब, हो सकता है धान की फसल को नुकसान
10-Sep-2024 4:39 PM
झमाझम बारिश: तालाब-खेत लबालब, हो सकता है धान की फसल  को नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 10 सितंबर।
सोमवार दोपहर बाद जिले में तेज बारिश हुई, जो मंगलवार सुबह तक अनवरत जारी रही। 
दो दिन पहले तक महासमुंद विखं में पिछले 10 वर्षों में सबसे कम वर्षा हुई थी। अत: चिंतित किसान थे। कल भी सुबह से बादल छाए थे और अपरान्ह तीन बजते ही झमाझम बारिश हो गई। वैसे रविवार देर रात से मौसम में बदलाव था। इस बारिश से सूखते खेतों को देखकर परेशान किसानों की भी चिंता दूर हुई है।

कल से जारी बारिश के चलते खेतों, तालाबों में लबालब पानी भर गया है। किसान खेतों की मेढ़ तोडक़र पानी निकालने की जुगत में हैं। हरूना किस्म के धान बोने वाले किसान इस बारिश से चिंतित भी हैं क्योंकि धान में बालियां निकलने की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में ज्यादा पानी भी हरूना धान को नुकसान पहुंचा सकता है। 

आज सुबह 11 बजे समाचार लिखते तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। मौसम विभाग ने जिले को आरेंज अलर्ट जारी किया है। एक चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका अभी भी बनी हुई है। जिसके असर से अगले 48 घंटे बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज व चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 10 दिनों से बारिश में कमी, तेज धूप खिलने व उमस के कारण फसलों पर कीट का भी प्रकोप देखने को मिल रहा था। फसलों में भूरा माहो की शिकायत आने लगी थी। बारिश नहीं होने से किसान चिंतित नजर आ रहे थे। बाधों से भी पानी छोड़ा जा चुका है। अब तो झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। लोगों को उमस से राहत मिली है। सूखते खेतों को देखकर परेशान किसानों की चिंता दूर हुई है। 
 


अन्य पोस्ट