सीएम के समधी की आपत्ति खारिज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, , 5 फरवरी। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के बाद 4 फरवरी को गहमा-गहमी के बीच जनपद और जिला पंचायत में छंटनी हुई। मतदान के ठीक पहले भाजपा और कांग्रेस ने पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा ने 17, तो कांग्रेस ने 10 नेताओं को पार्टी से बाहर किया है।
इधर, जिपं क्षेत्र क्रमांक-9 में कांग्रेस प्रत्याशी उत्तम मरकाम मारागांव के नामांकन पर मुख्यमंत्री के समधी व भाजपा समर्थित प्रत्याशी की आपत्ति थी, जिसको रिटर्निंग अधिकारी ने खारिज की। जिपं सदस्य के लिए 81 में से 33 अभ्यर्थियों के नाम निरस्त हो गए।
कांग्रेस-भाजपा नेताओं की नजर क्षेत्र क्रमांक-9 पर ही टिकी रही, क्योंकि इस सीट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समधी टीकाराम कंवर (रिटायर्ड डीएसपी) भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
इस सीट पर भाजपा की ओर से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी उत्तम मरकाम के नामांकन पर आपत्ति लगाई थी।
आपत्ति थी कि 2005 में गरियाबंद के गांव पथरामोहंदा में सरपंच रहते उत्तम मरकाम के खिलाफ शासकीय देनदारी बताई है। आपत्तिकर्ता ने यह शिकायत 28 जनवरी को लगाए सूचना के अधिकार के तहत आवेदन के आधार पर की थी। इसी आधार पर उत्तम का आवेदन निरस्त करने की मांग की थी, लेकिन शिकायत की पुष्टि के लिए भाजपा की ओर से कोई सत्यापित प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। रिटर्निंग अधिकारी ने आपत्ति खारिज की।
12 हजार ने भरा नामांकन
जिले में 367 ग्राम पंचायतों में आम चुनाव होगा। इसके लिए 367 सरपंचों के लिए 1532 अभ्यर्थियों ने नामांकन जमा किया है। 5242 पंच के लिए 10 हजार 90 अभ्यर्थियों ने नामांकन भरा है। 98 जनपद सदस्य के लिए 434 तथा 13 जिला पंचायत सदस्य के लिए 81 अभ्यर्थियों ने नामांकन जमा कराया है। स्क्रूटनी के बाद जिलेभर में कितने अभ्यर्थियों का नामांकन निरस्त हुआ है, इसका आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। जनपद पंचायत धमतरी में 94 सरपंच, 1240 पंच और 25 जनपद सदस्य के लिए चुनाव हो रहा है। धमतरी ब्लॉक के अमूमन हर गांवों से 2 से अधिक लोगों ने नामांकन जमा कराया है।
इन नेताओं को निष्कासित किया
कांग्रेस- जिलाध्यक्ष शरद लोहाना ने बताया कि जावेद खत्री, साहिल अहमद, मंजुलता गायकवाड़, पवन यादव, दुष्यंत घोरपड़े, संजीदा बेगम, रामेश्वरी बसंत सिन्हा, पवन लिखी, मदन नेवारे तथा योगेश चंद्राकर को निष्कासित कर दिया है।
भाजपा- प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी जगदीश रोहरा ने बताया कि पूर्व पार्षद गौतम ध्रुव, रामेश्वर वर्मा, रीना सोनवानी, सुरेश गुप्ता, वैष्णव शरण जोगी, प्रकाश सिन्हा, बसंती साहू, सुनीता यादव, राजकुमार फुटान, पूर्णिमा देवांगन, आमदी से प्रेम साहू, मगरलोड से बेदम चौहान, यशवंत कोसले, राजू राव, अशोक साहू, योगेश्वर पटेल, वैष्णव शरण साहू को निष्कासित किया है।